कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत चार जिलों के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की। जयपुर शहर के जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा बनाए गए हैं। प्रतापगढ़ में दिग्विजय सिंह पुरावत, झालावाड़ में वीरेंद्र सिंह गुर्जर और बारां में हंसराज मीणा को जिम्मेदारी दी गई। राजसमंद में अभी नियुक्ति बाकी है। नियुक्ति राहुल गांधी के फीडबैक के आधार पर हुई। बैठक में संगठन निर्माण, सक्रियता और मनरेगा से जुड़े आंदोलन पर चर्चा हुई। मीटिंग में डोटासरा, टीकाराम जूली, सचिन पायलट और अन्य नेता मौजूद थे।

कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत बचे हुए पांच जिलों में से चार जिलों के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। जयपुर शहर के जिलाध्यक्ष के रूप में सुनील शर्मा को नियुक्त किया गया। शर्मा पिछले लोकसभा चुनाव में जयपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार थे, लेकिन उन्होंने विवाद के बाद टिकट लौटा दिया था। पार्टी ने प्रतापगढ़ में दिग्विजय सिंह पुरावत, झालावाड़ में वीरेंद्र सिंह गुर्जर और बारां में हंसराज मीणा को जिलाध्यक्ष बनाया है। राजसमंद में अब भी जिलाध्यक्ष की घोषणा बाकी है। माना जा रहा है कि राजसमंद को लेकर भी पार्टी जल्द ही निर्णय लेगी। संगठनात्मक नियुक्तियों के इस फैसले को आगामी पंचायत और निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीति और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है। इससे पहले नवंबर में 45 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की जा चुकी थी। अब तक राजस्थान के 50 जिलों में 49 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। नियुक्ति राहुल गांधी के फीडबैक और संगठन के फार्मूले के अनुसार की गई।

