
रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा नेताओं में गुटबाजी नहीं बल्कि लूटबाजी की लड़ाई चल रही है। देश की जनता जहां कष्ट का जीवन जी रही है। वहीं, भाजपा के नेता अवैध कॉलोनियां काटने में व्यस्त हैं। वह रविवार को गांव हलालपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वह अपने पूर्व पीए हिम्मत सिंह के भाई शमशेर के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे।
रोहतक में भूमि घोटालों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये के घोटालों में भाजपा नेताओं के नाम सामने आए हैं लेकिन सीबीआई और ईडी ने किसी भाजपा नेता पर कार्रवाई नहीं की। कांग्रेस राज्यपाल से मिलकर प्रदेश में हुए सभी घोटालों की सूची सौंपेंगे।
शहरी निकाय चुनाव को लेकर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने पहले भी निगम चुनाव में भाजपा को हराया था और इस बार भी सोनीपत में भाजपा को शिकस्त देने का काम करेगी। उनके साथ विधायक इंदुराज नरवाल, पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, पदम सिंह दहिया, जयभगवान आंतिल दीपालपुर मौजूद रहे।




