धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड गमगीन; इस दिन होगी ही-मैन की प्रार्थना सभा

Picture of NANDINI NEWSINDIA

NANDINI NEWSINDIA

SHARE:

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार 24 नवंबर को निधन हो गया। मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में अभिनेता का अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन के बाद इंडस्ट्री में मातम पसरा है। हर कोई उन्हें अपने-अपने अंदाज में याद कर रहा है। अमिताभ बच्चन ने आधी रात को अपने जिगरी दोस्त के लिए पोस्ट लिखा। तमाम अन्य सितारे भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे ने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है, ‘आज हमने उस युग के एक स्तंभ को खो दिया, एक ऐसी शख्सियत जिसे न सिर्फ पर्दे पर, बल्कि हमारे दिलों में भी हीरो कहा जाता था। धर्मेंद्र जी, आपका जाना एक युग का अंत है; आपकी स्मृति हमारे जीवन में हमेशा जिंदा रहेगी। आपको नमन, आदर और अनंत प्रेम के साथ अलविदा’।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेता धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा 27 नवंबर को आयोजित होगी।

सुभाष घई ने धर्मेंद्र को याद करते हुए लिखा है, ‘धरम पाजी। व्हिसलिंगवुड्स इंटरनेशनल की हमारी फेम वॉल पर आपके हाथ का निशान हमें हमेशा आपके सुपर बॉडी वर्क, प्यारे स्वभाव और सिनेमा में कलाकारों और टेक्नीशियनों की मौजूदा और अगली पीढ़ी के लिए आपके आशीर्वाद की याद दिलाएगा। व्हिसलिंगवुड्स हमेशा आपको दिल से श्रद्धांजलि देता है’।

सिंगर नेहा कक्कड़ ने धर्मेंद्र के साथ थ्रोबैक फोटोज और वीडियो शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा है, ‘धर्मेंद्र जी, आपकी मौजूदगी की कमी मुझे हमेशा खलेगी। आपकी गर्मजोशी और प्योर खूबसूरत आभा… हमारे दिलों में आप हमेशा रहेंगे’।

धर्मेंद्र के निधन के बाद दुख की इस घड़ी में देओल परिवार को सांत्वना देने सेलेब पहुंच रहे हैं। आज मंगलवार को अनु मलिक भी परिवार से मिलने पहुंचे।

अभिनेत्री मल्लिका शेरावत ने धर्मेंद्र को याद किया है। उन्होंने दिवंगत एक्टर के साथ फिल्म ‘किस किस की किस्मत’ में काम किया था। फिल्म से कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए मल्लिका ने लिखा है, ‘धर्मेंद्र सर के गुजर जाने की खबर सुनकर दिल टूट गया। उनके साथ फिल्म करना एक आशीर्वाद था, जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगी’।

महाभारत’ सीरियल में भगवान श्रीकृष्ण का किरदार अदा करने वाले एक्टर नितीश भारद्वाज ने धर्मेंद्र को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने धर्मेंद्र की फिल्म का गाना गाते हुए उन्हें याद किया है। साथ ही कैप्शन लिखा है, ‘एक अमर सितारा, एक खूबसूरत इंसान और एक दिल को छू लेने वाली विरासत। धर्मेंद्र जी के निधन पर गहरा दुख। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे’।

अभिनेता शाहिद कपूर ने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा है, ‘सच्चे मायनों में ऑरिजनल, महान शख्सियत और पवित्र आत्मा, जिन्होंने सिनेमा के अनुभव को और विशाल बनाया’।

दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को याद करते हुए जैकी श्रॉफ ने थ्रोबैक तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की हैं।

धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार कल पवन हंस श्मशान भूमि में किया गया। आज मंगलवार को सनी देओल के बेटे करण देओल अपने दादा व दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र की अस्थियां पवन हंस श्मशान घाट से लेकर जाते हुए दिखे।
 

सबसे ज्यादा पड़ गई