बहराइच के गांवों में बुजुर्ग दंपती की भेड़िये के हमले में हुई मौत से नाराज ग्रामीणों ने वनाधिकारियों को दौड़ा लिया। वहीं, गांव में पीएसी तैनात की गई है।
विस्तार
बहराइच के प्यारेपुरवा गांव में बुजुर्ग दंपती खेदन (75) और मनकिया (70) के वन्य जीव का शिकार बनने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। दोपहर में गांव पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर पीएसी और कैसरगंज तथा बौडी थाने की पुलिस तैनात की गई है। बुजुर्ग दंपती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। गांव के अंदर वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को घुसने नहीं दिया गया। डीएफओ रामसिंह यादव ने भी मौके पर पहुंचकर समझने की कोशिश की तो उन्हें भी ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त किया।
उप जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत किया गया है। दोनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गांव में एक ट्रक पीएसी और कैसरगंज तथा बौडी थाने की पुलिस तैनात है।
डीएफओ के दावे के बाद लोगों ने ली थी राहत की सांस लेकिन फिर हुए हमले से भड़के
दो दिन पहले इलाके में नर भेड़िया के मारे जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली थी लेकिन फिर हमले में हुई बुजुर्ग दंपती की मौत के बाद इलाके में आक्रोश भड़क गया।