शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अली मोटर और सानू मोटर गैरेज में रिपेयरिंग के लिए खड़ी लग्जरी कारों से बीते दो महीनों से वायरिंग चोरी की जा रही थी। अब तक 9 कारों की वायरिंग चुराई जा चुकी है।
![]()
लगातार हो रही घटनाओं से परेशान गैरेज संचालकों ने सीसीटीवी कैमरे लगवाए। फुटेज में चोर की करतूत कैद हो गई, जिसमें वह कारों की वायरिंग तोड़ते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
गैरेज संचालक इरफान खान और अनवर अली ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि चोरी की गई वायर कबाड़ में बेचने पर आधा किलो तांबा निकलता है, लेकिन गाड़ियों में नई वायरिंग डालने पर 40 हजार रुपये तक का खर्च आता है। इस चोरी से कार मालिकों और गैरेज संचालकों को अब तक करीब चार लाख रुपये का नुकसान हो चुका है।
सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी की पहचान कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए ही इस तरह की वारदातें करता है।



