झांसी के संजीवनी अस्पताल में सोमवार शाम नकाबपोश हमलावरों ने डॉक्टर और स्टाफ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। डॉक्टर को थप्पड़ और घूंसे मारे गए, जबकि नर्सिंग स्टाफ पर भी जानलेवा हमला किया गया। पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने तोड़फोड़ और मारपीट करने वाले पांच नामजद व आठ अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, गणेश इन्कलेव निवासी डॉक्टर मनीष मैडिया के अस्पताल में धमाना खुर्द (चिरगांव) निवासी बलवंत सिंह की पत्नी का इलाज चल रहा था। रविवार को उन्हें डिस्चार्ज किया गया। इसी बात से नाराज होकर सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे उनका पुत्र शिवदीप अपने साथियों के साथ हॉकी, डंडे और धारदार हथियार लेकर अस्पताल पहुंच गया।
आरोपियों ने नर्सिंग होम में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी और डॉक्टर के चैंबर में घुसकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से वार किया और बोतल फेंककर मारी, जिससे अस्पताल कर्मचारी घायल हो गया। मारपीट में स्टाफ की दो महिलाएं भी जख्मी हुईं।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। डॉ. मनीष की तहरीर पर पुलिस ने शिवदीप, ऋतिक, दीपक, मयंक और जयंत सहित आठ अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। निरीक्षक संतोष अवस्थी ने बताया कि हमलावरों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।



