Weather Updates: भारत मौसम विभाग ने गुजरात में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। देश के कई राज्यों, जैसे उत्तराखंड, पूर्वोत्तर के राज्य और दिल्ली-एनसीआर में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुजरात में गुरुवार को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है और राज्य के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी ने अपनी ताजा प्रेस विज्ञप्ति में कहा, गुजरात के कुछ इलाकों में चार से छह सितंबर तक अत्यधिक भारी बारिश की बहुत अधिक संभावना है, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ में यह स्थिति छह दिसंबर को देखने को मिल सकती है। इसके अलावा, पश्चिम मध्य प्रदेश में पाच सिंतबर यानी कल ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
विभाग के मुताबिक, असम और मेघालय में आठ सितंबर तक, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में सात सितंबर तक, अरुणाचल प्रदेश में सात से नौ सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
वहीं, आज सुबह दिल्लीवासियों की नींद झमाझम बारिश के साथ खुली। मौसम विभाग ने सुबह 6.45 बजे चेतावनी जारी की, जिसमें कहा गया कि दिल्ली-एनसीआर में अगले दो घंटे के भीतर हल्की से मध्यम बारिश, बिजली चमकने और बादलों की संभावना है। जिन इलाकों में बारिश हो सकती है, उनमें नरेला, बवाना, अलीपुर, बुराड़ी, कंझावला, रोहिणी, बाड़ली, मॉडल टाउन, करावल नगर, आजादपुर, पीतमपुरा, दिल्ली विश्वविद्यालय, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, मुंडका, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, पालम, आईजीआई हवाई अड्डा, वसंत कुंज, महरौली, छतरपुर, इग्नू, अयानगर, डेरामंडी, लोनी देहात, हिंडन वायु सेना स्टेशन, बहादुरगढ़, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर और बल्लभगढ़ शामिल हैं।
दक्षिण और पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्टी और बाकी दिल्ली में यलो अलर्ट सुबह 8.24 बजे तक लागू रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की से बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस कम रह सकता है।
खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना नदी
दिल्ली की यमुना नदी फिर खतरे के निशान 205.33 मीटर ऊपर बह रही है, जैसा कि लोहे के पुल के पास के दृश्य में देखा गया। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है, जिससे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर होना पड़ा है।