बरेली | सुभाषनगर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक युवती ने आत्महत्या कर ली। 19 वर्षीय रिमझिम की शादी पड़ोस में रहने वाले शिवांग से तय हुई थी, लेकिन शादी से पहले ही दहेज को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। युवती की मां शीला ने मंगेतर शिवांग और उसके परिवार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

💍 मंगनी के बाद शुरू हुआ दबाव वंशी नगला निवासी अनिल बाबू की बेटी रिमझिम की शादी 10 नवंबर को तय थी। मंगनी के बाद शिवांग, उसके पिता चंद्र सैनी, मां वर्षा, भाई बासू और बहन मुस्कान लगातार रिमझिम से फोन पर दहेज की मांग करने लगे। उन्होंने जेवर, बाइक और शीशम की लकड़ी का डबल बेड लाने को कहा।
💔 “बिना दहेज के शादी नहीं होगी” रिमझिम ने जब अपनी मां को यह बात बताई, तो शीला ने स्पष्ट किया कि वह घरों में काम करके परिवार चलाती हैं और इतनी बड़ी मांग पूरी करना संभव नहीं है। जब रिमझिम ने शिवांग से अपनी मजबूरी जताई, तो उसने कहा—”बिना दहेज के शादी नहीं होगी।” रिमझिम ने जवाब दिया कि वह आत्महत्या कर लेगी, जिस पर शिवांग ने कहा—”तुम जियो या मरो, हमें मतलब नहीं है”।
🕯️ 27 अगस्त को फंदा लगाकर दी जान शादी टूटने और तानों से आहत होकर रिमझिम ने 27 अगस्त को दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर शिवांग और उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।