रायपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत खरोरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे गांजा तस्करी के आरोपी नारायण साहू (29 वर्ष, निवासी ग्राम टीला, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार) को गिरफ्तार कर लिया।
उड़ीसा से लाता था गांजा
जांच में खुलासा हुआ कि नारायण साहू पिछले छह महीनों से उड़ीसा से गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई कर रहा था। चार दिन पहले खरोरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08, हनुमान मंदिर के पास गांजा तस्करी में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा था। पूछताछ में दोनों ने बताया था कि वे नारायण से ही माल खरीदते हैं। तभी से पुलिस उसकी तलाश में थी।
गांजा और नकदी बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 2 किलो गांजा (दो पैकेट) और बिक्री से मिली 2,000 रुपये की नकदी जब्त की। आरोपी पर अपराध क्रमांक 571/25 दर्ज कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस की टीम ने दी सफलता
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी और थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद नारायण साहू को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश कर दिया गया है।


