यूपी: अवध के कई जिलों में गिरे ओले, पूर्वांचल में चार मौतें; आज कई इलाकों में हो सकती है बारिश, चलेंगी हवाएं

Picture of planetnewsindia

planetnewsindia

SHARE:

Weather of UP: यूपी में मौसम अभी भी बिगड़ा हुआ है। रविवार को अवध के कई जिलों में ओले गिरे। पूर्वांचल में बारिश की वजह से अलग-अलग चार मौतें हुईं। सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्य को लेकर निर्देश दिए।

UP: Hailstorm in many districts of Awadh, four deaths in Purvanchal; There may be rain in many districts today

राजधानी में रविवार को दिन चढ़ने के साथ तपिश और उमस महसूस की गई, लेकिन दोपहर बाद तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही से मौसम बदला। दोपहर बाद पुराने लखनऊ, ठाकुरगंज और बाराबंकी तथा हरदोई सीमा से सटे इलाकों में फुहारें भी पड़ीं। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को ऐसा ही मौसम रहने वाला है।

इसके पहले रविवार को रायबरेली सहित अवध के कई जिलों में ओले गिरे। अवध के साथ पूर्वांचल में भी मौसम बिगड़ा रहा। यहां बिजली और दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हो गई।

मौसमी बदलाव से दिन के तापमान में 0.6 डिग्री और रात में 1.1 डिग्री की गिरावट आई है। बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं ने शाम का मौसम बेहद खुशनुमा बना दिया। अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र अमौसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ ही उत्तरी-पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी यूपी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं पूर्वा और दक्षिणी पश्चिमी हवाओं के समागम का भी प्रभाव है। इन वजहों से लखनऊ सोमवार को भी गरज चमक के साथ कहीं कहीं फुहारें पड़ सकती हैं। मंगलवार से सिस्टम कमजोर पड़ने के आसार हैं।

 

पूर्वांचल में रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाएं चलने और बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वाराणसी और गाजीपुर में ओलावृष्टि हुई। चंदौली, जौनपुर और सोनभद्र में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, जाैनपुर में दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई। किसानों के अनुसार, करीब 50% आम की फसल बर्बाद हो गई।

रविवार की सुबह से बादलों की आवाजाही और हवा चलने के बाद दोपहर में आंधी, बारिश से मौसम बदल गया। वाराणसी के ग्रामीण इलाकों में आंधी से पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं। ओलावृष्टि भी हुई।

जौनपुर में दोपहर में 50 मिनट तक की बारिश हुई। मछलीशहर के भाटाडीह गांव में बिजली गिरने से शीला देवी (35) की मौत हो गई। गांव पुराफगुई ताजुद्दीनपुर के उमाशंकर (12) और ज्योति (17) भी झुलस गए। खानकाह कला गांव की प्रेमादेवी (42) की दीवार गिरने से माैत हो गई। चंदौली के बरबसपुर गांव में बिजली गिरने से 17 वर्षीय हिना बानो की मौत हो गई। नौगढ़ में बिजली गिरने से दो भैंस मर गईं।

इसी तरह सोनभद्र के पचपेड़िया गांव के कमलेश पांडेय (50) पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई। गाजीपुर में करीब पांच मिनट तक ओलावृष्टि हुई। आंधी के कारण कई पेड़ गिर गए। भदोही और मिर्जापुर में आंधी के बाद हल्की बारिश हुई। बलिया में भी शाम को बादल छाए रहे।बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि दो दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव होता रहेगा। बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी।

planetnewsindia
Author: planetnewsindia

8006478914

सबसे ज्यादा पड़ गई