राहुल का रिकॉर्ड सफल रन चेज में भी शानदार है। उन्होंने आईपीएल में सफल रन चेज में 25 पारियों में 71.05 की औसत से 1208 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 148.58 का रहा है।

आईपीएल 2025 में गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स ने विजयी अभियान जारी रखते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हरा दिया। दिल्ली की लगातार चौथी जीत में केएल राहुल ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 53 गेंद में सात चौके और छह छक्के की मदद से 93 रन की नाबाद पारी खेली। राहुल पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। चैंपियंस ट्रॉफी से जो उनका रनों का दौर शुरू हुआ, वह अभी तक जारी है। चैंपियंस ट्रॉफी में भी राहुल ने मैच फिनिशर का किरदार अच्छी तरह से निभाया था। अब वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी वही काम कर रहे हैं। कप्तानी का दबाव हटने और नई टीम से जुड़ने का उनका फैसला काम कर रहा है। सफल रन चेज में उनके आंकड़े भी शानदार हैं। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।