
अलीगढ़ के सराफ से लूट के आरोपी को पुलिस ने रविवार की रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली सासनी क्षेत्र के चंपा बाग रोड पर रविवार की रात पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की। घायल आरोपी का पुलिस ने जिला अस्पताल में उपचार कराया।
पुलिस को सूचना मिली कि चंपा बाग रोड पर कुछ बदमाश लूट करने की फिराक में बैठे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को वहां संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम के टोकने पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस टीम द्वारा चलाई गई गोली एक आराेपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया।
उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अलीगढ़ के सराफ से लूटी गई सात चेन के अलावा तमंचा व कारतूस भी बरामद किए हैं। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकित शर्मा पुत्र संजय शर्मा निवासी मोहल्ला बारहसैनी थाना सासनी बताया।
उसने आठ फरवरी को अलीगढ़ के थाना बन्ना देवी क्षेत्र में एक सराफ की आंखों में मिर्ची डालकर दुकान से चेन लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। एसपी के मुताबिक उसने बताया कि लूटी गई चेन को उसने थाना सासनी क्षेत्र के एक सराफ को बेच दिया। गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ हाथरस व मथुरा जिले के थानों में विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
Author: planetnewsindia
8006478914