दिल्ली से आगरा के लिए चली आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस में महिला रेलकर्मी की हत्या का मामला सामने आया है। महिला रेलकर्मी का शव शौचालय में मिला है। गहने भी लूटे गए हैं। महिला के चेहरे पर भारी वस्तु से प्रहार के निशान मिले हैं। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
दिल्ली से आगरा के लिए चली आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस के जनरल कोच के शौचालय में महिला रेलकर्मी का शव सोमवार देर रात मिला। कंट्रोल रूम की सूचना पर आरपीएफ की टीम ने मथुरा में ट्रेन रुकवाकर शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जीआरपी थाने में महिला के पुत्र की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोमवार सुबह वह घर से ड्यूटी पर निकलीं, लेकिन रात तक घर नहीं लौटीं। इसके बाद सूचना मिली की आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस के एस-1 कोच के बराबर में लगे जनरल कोच के शौचालय में लहूलुहान हालत में शव मिला।
शव को सबसे पहले हाथरस के थाना सहपऊ के गांव सिखरा निवासी पुष्कर रावत ने देखा। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी रेल मदद के टोल फ्री नंबर 139 पर सूचना दी। तब तक गाड़ी शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन से गुजर चुकी थी।
आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस का मथुरा में स्टॉपेज न होने के चलते रेलवे कंट्रोल रूम ने मथुरा आरपीएफ को जानकारी दी। आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश गोस्वामी ने मथुरा जंक्शन पर ट्रेन को रुकवाया और शव को नीचे उतारवाया। इसके बाद जीआरपी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृत महिला के भाई सतवीर ने बताया कि उनकी बहन ट्रेनों में लाइट चेक करने का कार्य करतीं थीं। उनकी हत्या ड्यूटी के दौरान ही हुई है। चूंकि शव जनरल डिब्बे में मिला है। जनरल डिब्बे में भीड़ अधिक रहती है। ऐसे में हत्या और लूट की वारदात नहीं हो सकती है। सोनीपत से दिल्ली जाते समय या दिल्ली में खड़ी ट्रेन में बहन की हत्या हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन की सेवानिवृत्ति में अभी छह माह का समय शेष रह गया था।
Author: planetnewsindia
8006478914

