बनियाठेर क्षेत्र के गांव नेहटा में नाबालिग प्रेमी युगल ने फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों के शव शनिवार सुबह आम के पेड़ पर लटके मिले। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव नेहटा में प्रेम प्रसंग के चलते नाबालिग प्रेमी युगल ने आम के पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों के परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब नौ बजे खेत स्वामी के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही चंदौसी कोतवाली और बनियाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
रात करीब 11 बजे युवती के गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद युवती की मां युवक के घर पहुंची और उसके बारे में पूछताछ करने लगी। इसके बाद दोनों परिवारों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। रातभर तलाश करने के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह करीब नौ बजे गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव नेहटा निवासी नीरज शर्मा अपने धान के खेत पर पहुंचे।
खेत में ट्यूबवेल की कोठरी के पास आम के पेड़ पर युवक-युवती के शव फंदे से लटके मिले। युवक के गले में पिंक रंग का दुपट्टा और युवती के गले में काले रंग का गोल्डन बॉर्डर वाला गमछा कसा था। घटना की सूचना पर सीओ विवेक जावला, कोतवाल संत कुमार और थाना बनियाठेर प्रभारी बोबिंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए। मौके से युवती की चप्पल भी मिली, जबकि युवक की जेब से युवती का कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ विवेक जावला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।