ग्राम पंचायत बिजाहरी में आरक्षित भूमि और चारागाह की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए क्षेत्र पंचायत सदस्य ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को ग्राम पंचायत बिजाहरी के क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) वार्ड संख्या 96 बिजाहरी प्रथम निवासी रामअवतार कुशवाहा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे पत्र में कहा कि ग्राम पंचायत की आरक्षित भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षित भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पत्र में बताया गया है कि ग्राम पंचायत बिजाहरी क्षेत्र में आरक्षित भूमि तथा चारागाह की भूमि पर कब्जे की शिकायत है। पत्र में कहा गया है कि मामले की शिकायत पूर्व में जनसुनवाई के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक जमीन को पूरी तरह कब्जामुक्त नहीं कराया जा सका है। क्षेत्र पंचायत सदस्य ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सरकारी एवं आरक्षित भूमि की पैमाइश कराए जाने की मांग की है। शिकायत में कहा है कि यदि जांच में अवैध कब्जा और निर्माण की पुष्टि होती है तो उसे ध्वस्त कराकर भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।



