मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि कार चालक कथित तौर पर शराब के नशे में था और लापरवाही से कार चला रहा था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।

खन्ना के नजदीकी गांव भादला की बाजीगर बस्ती में हादसे में तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान परमवीर के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। बच्चे की मौत से मां-बाप और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, परमवीर घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति कार लेकर वहां से गुजर रहा था। अचानक कार की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे के सिर पर गहरी चोट लगी। परिजन और कार चालक बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि कार चालक कथित तौर पर शराब के नशे में था और लापरवाही से कार चला रहा था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, बच्चे के रिश्तेदार टिंकू और प्रिंस ने बताया कि कार चालक अक्सर तेज गति से कार चलाता था। उसे कई बार बस्ती में वाहन धीमी गति से चलाने के लिए कहा गया था, लेकिन इसके बावजूद वह तेज रफ्तार से वाहन चलाता रहा।
हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन मासूम की मौत को लेकर सदमे में हैं। थाना प्रभारी विजयपाल सिंह ने बताया कि कार की चपेट में आने से बच्चे की मौत हुई है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयानों और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।