दो थानों की पुलिस ने मिलकर मैरिस रोड स्थित होटल मेलरोज इन में जुए के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। होटल के कमरे ठहरने के लिए नहीं, बल्कि जुए के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। होटल के बाहर से पुलिस पर नजर रखने के लिए बकायदा एक बाउंसर भी तैनात था और अंदर जुए की बाजी लग रही थी।

मंगलवार रात क्वार्सी और सिविल लाइंस थाना पुलिस ने होटल पर छापा मारा तो वहां अफरातफरी मच गई। मौके से 17 लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी में 5.50 लाख रुपये नकद, ताश की गड्डियां और जुए में धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल होने वाली कई हाईटेक डिवाइस बरामद हुईं। साथ ही कई वाहनों को सीज करते हुए पुलिस ने मुख्य संचालक, होटल के रिसेप्शनिस्ट और रेकी करने वाले बाउंसर को भी गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, एक मुखबिर के जरिये पुलिस को सूचना मिली कि मेलरोज इन होटल में जुआ शुरू हो चुका है। रक्षाबंधन से लेकर दिवाली तक करोड़ों रुपये का जुआ होने की चर्चा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने दो थाने की एक संयुक्त टीम बनाई और दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ और हड़कंप मच गया।
सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बड़ा जुआ नेटवर्क कब्जे में आया है। जुए के संचालन में होटल प्रबंधन की भूमिका और अन्य लोगों के कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। इनके वाहनों को सीज किया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुडे़ अन्य लोगों की भी पुलिस तलाश कर रही है।
बाहर पुलिस की निगरानी, अंदर चल रही थी बाजी
पुलिस के अनुसार, जुए के अड्डे को संचालित करने वालों ने कार्रवाई से बचने के लिए बाहर एक बाउंसर को रेकी पर लगा रखा था। उसका काम पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखना और खतरा होने पर अंदर सूचना देना था। इसके बावजूद पुलिस ने अचानक छापा मारकर उसे भी पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को नकदी के अलावा ऐसी कई डिवाइस मिली हैं, जिनका इस्तेमाल जुए में चीटिंग के लिए किए जाने की आशंका है। पुलिस इनके इस्तेमाल और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के पास मिले फोटो पहचान पत्र और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है।
5.50 लाख नकद, बाहर खड़ी थीं गाड़ियां
जुए की बाजी में लगी रकम के अलावा पुलिस ने होटल परिसर और आसपास खड़ी कई संदिग्ध कारों और दोपहिया वाहनों को भी कब्जे में लिया है। पुलिस इन वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।
दरी पूजन के नाम पर जुए का खेल भी रडार पर
पुलिस को शहर के 10 से अधिक होटलों में जुए की गतिविधियों की सूचना मिली है। पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन के आसपास ‘दरी पूजन’ नाम से एक रस्म के दौरान जुआ खेलने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि यह सिलसिला दीपावली तक चलता है। पुलिस ने रामघाट रोड के छह होटलों और दुबे के पड़ाव क्षेत्र के कुछ होटलों को निगरानी में लिया है। हालांकि, इन स्थानों पर जुआ संचालित होने की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने बताया कि दरी पूजन स्थानीय तौर पर जुआ शुरू करने के लिए इस्तेमाल होने वाला नाम या कहें कि बहाना है जिसका मतलब होता है कि दरी बिछाकर ताश या पैसे की बाजी शुरू करना।
आग की तरह फैली खबर, नेताओं के बजने लगे फोन
पुलिस की इस कार्रवाई की सूचना शहर में आग की तरह तेजी से फैल गई। देर रात तक लगभग हर किसी बड़े कारोबारी, नेता और अधिकारियों की जुबान पर यह घटना थी। इस बीच सिफारिशों का दौर भी शुरू हो गया। पहले पुलिस गिरफ्तार जुआरियों की पहचान शुक्रवार सुबह सार्वजनिक करने की जानकारी देती रही, लेकिन रात 10.30 बजे पुलिस ने अचानक उनकी सूची जारी कर दी। पहचान छिपाने की शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कम से कम 12 वीवीआईपी फोन कॉल उनके पास आए। सिफारिशों के लिए दबाव बनना शुरू हो गया।
थाना क्वार्सी के बाहर सिफारिश करने वालों की भीड़ लग गई।
पुलिस ने इन लोगों को पकड़ा
1-जुबैर निवासी हमदर्द नगर, जमालपुर
2- चंद्रपाल, निवासी मंजूरगढ़ी
3- मुजम्मिल, निवासी पहासू, बुलंदशहर
4- प्रदीप, निवासी स्वर्ण जयंती नगर
5- मुन्ना निवासी मोहल्ला पठानान
6- इस्माइल निवासी जीवनगढ़ गली नंबर-8
7- लाला उर्फ हरपाल सिंह, निवासी लक्ष्मणपुर, मेलरोज बाईपास, बन्ना देवी
8- अमित कुमार निवासी मथुरा रोड, सासनी गेट
9- वीर प्रकाश निवासी शिकार गढ़ी, थाना जवां
10- सूरज थाना लोधपुर, थाना छतारी, बुलंदशहर
11- प्रमोद कुमार निवासी तालसपुर कलां, महुआखेड़ा
12- इरफान, निवासी जीवनगढ़ गली नंबर 3
13- आजम खान निवासी जमालपुर, हमदर्द नगर ए, सिविल लाइन
14- विनोद कुमार, निवासी भमोला, थाना सिविल लाइन
15- जितेंद्र कुमार यादव, निवासी लोहचब वाली गली, किशनपुर
16- जाकिर निवासी जीवनगढ़ गली नबंर-8
17- अनिल कुमार निवासी शेखूपुर, थाना छतारी, बुलंदशहर
