अंतरराष्ट्रीय बाॅर्डर से लगभग एक किमी दूर रमदास इलाके के जट्टा गांव में वीरवार देर रात एक घर पर ग्रेनेड फेंका गया। धमाके में परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए।

अमृतसर के रमदास इलाके के जट्टा गांव में वीरवार देर रात को अज्ञात बाइक सवारों ने एक घर पर ग्रेनेड हमला किया। हमले से हुए धमाके के चलते घर के शीशे टूट गए और परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। हमला के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बाइक सवार हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हमले के पीछे परिवार से किसी की पुरानी रंजिश या विवाद तो नहीं था।
पुलिस से पहले पहुंच गए सेना के जवान
अकाली दल के नेता जौध सिंह समरा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस रात को मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले सेना के जवान वहां पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि सेना की गाड़ी गांव की ओर आती है। सेना के जवानों ने ग्रेनेड पुलिस को सौंप दिए और पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।
जौध सिंह समरा के मुताबिक, गांव में दिनदहाड़े घर पर दो ग्रेनेड फेंके गए। हमले में घर के शीशे टूट गए और परिवार के तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने सीमा से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित गांव में इस तरह की घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
इस हमले से कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर लोगों में दहशत बढ़ गई है। दुकानदारों में डर का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि हमलावरों ने इसी घर को निशाना क्यों बनाया और उनके पास ग्रेनेड कहां से आए। पुलिस आसपास के रास्तों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों के आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है।


