तहसील कोल के बाहर जीटी रोड पर अवैध पार्किंग और लगातार लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े 200 वाहनों के चालान काटे गए और कई वाहनों को जब्त किया गया, जिससे सड़क पर वाहन खड़े करने वालों में खलबली मच गई।
अभियान के दौरान तहसील में अपने जरूरी काम से आए कुछ लोगों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। लोगों का कहना था कि तहसील के बाहर पर्याप्त पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस कारण उन्हें मजबूरी में अपने वाहन सड़क के किनारे खड़े करने पड़ते हैं। पुलिस अधिकारियों का तर्क था कि सड़क पर वाहन खड़े होने के कारण जीटी रोड पर आए दिन गंभीर जाम की स्थिति बन रही थी।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शों के विरुद्ध भी इस अभियान के तहत कड़ी कार्रवाई की गई। दस्तावेजों और निर्धारित मानकों में कमियां पाए जाने पर कई ई-रिक्शों को सीज कर दिया गया, साथ ही चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई। एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार ने बताया कि तहसील कोल के बाहर जीटी रोड पर अवैध पार्किंग की यह समस्या काफी लंबे समय से चली आ रही थी। यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अवैध पार्किंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




