लुधियाना के भाई रणधीर सिंह नगर में एक पिज्जा आउटलेट पर देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। बाइक से आए तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया।

लुधियाना के भाई रणधीर सिंह नगर के जे-ब्लॉक स्थित पिज्जा आउटलेट पर देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। वारदात के बाद इंस्टाग्राम पर ‘गोपी लहोरिया ग्रुप’ नाम के पेज से पोस्ट डालकर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में आउटलेट से जुड़े व्यक्ति को धमकी देते हुए अगली बार सीधे गोली मारने की बात कही गई है। हालांकि, पुलिस अभी इस पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।
इंस्टाग्राम पर डाली गई पोस्ट में ‘गोपी लहोरिया’ के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में कहा गया कि संबंधित व्यक्ति फोन नहीं देखता था और उन्हें नजरअंदाज करता था, इसलिए यह ‘छोटा सा ट्रेलर’ दिया गया है। साथ ही अगली बार सीधे गोली मारने और परिवार समेत गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है।
हालांकि, पुलिस इस पोस्ट को फिलहाल गैंग की वास्तविक धमकी मानकर नहीं चल रही। साइबर सेल यह पता लगाने में जुटा है कि इंस्टाग्राम अकाउंट वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने के लिए फर्जी प्रोफाइल बनाकर जिम्मेदारी ली है।
आईपी एड्रेस और अकाउंट की गतिविधियों की होगी जांच
पुलिस साइबर सेल इंस्टाग्राम पेज की तकनीकी जांच कर रहा है। अकाउंट कब बनाया गया, इसे कौन संचालित कर रहा है और इसकी गतिविधियों का संबंध किन लोगों से है, इन सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और सीसीटीवी फुटेज में सामने आए हमलावरों के बीच संभावित कनेक्शन भी तलाश रही है।




