स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विजयगढ़ मार्ग पर स्थित यूनियन पब्लिक स्कूल, में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं ने देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को समर्पित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजायमान रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर आकाश सिंह, निदेशिका माधुरी राजावत एवं उप प्रधानाचार्य प्रमोद प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, समूहगान एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता और गौरवशाली संस्कृति को जीवंत कर दिया। प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की निदेशिका माधुरी राजावत ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष आकाश सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए शिक्षकों की मेहनत को सराहा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, आत्मविश्वास और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन उज्जवल एवं शीनू ने किया। अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह ने विद्यालय परिवार में उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रसारित किया।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



