विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मोहाली का रहने वाला है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर लड़की की आवाज निकालकर लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अमन निवासी वार्ड नंबर-2, पक्का दरवाजा, कुराली (मोहाली) के रूप में हुई है। आरोपी ने जगराओं के गांव कुलार निवासी मनजोत सिंह को ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने का झांसा देकर 2 लाख 39 हजार 750 रुपये ठग लिए थे।
मनजोत के मुताबिक, आरोपी महिला की कथित दादी ने भी फोन कर उसकी बात की पुष्टि की और भरोसा दिलाया कि उनकी पोती ऑस्ट्रेलिया में रहती है। दोनों की बातों पर विश्वास करके मनजोत ने अलग-अलग किस्तों में पैसे भेजने शुरू कर दिए। पीड़ित के अनुसार, 15 मई को 44,750 रुपये, 18 मई को आईलेट्स सर्टिफिकेट के नाम पर 50 हजार रुपये, 20 मई को वीजा के नाम पर 50 हजार रुपये, 21 मई को 25 हजार रुपये और 23 मई को कुल 70 हजार रुपये भेजे गए। इस तरह आरोपी ने उससे कुल 2,39,750 रुपये हासिल कर लिए। 24 मई को भारत आने की बात कही।
फोन मिला बंद
पीड़ित ने बताया कि पैसे लेने के बाद महिला ने कहा कि वह 24 मई को भारत आ रही है। इसके बाद अगले दिन उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। काफी प्रयासों के बावजूद जब महिला से संपर्क नहीं हुआ तो मनजोत को ठगी का एहसास हुआ। उसने पुलिस को शिकायत दी।
साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने इसी तरीके से और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।



