मूंढापांडे में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर एयरपोर्ट भदासना के पास दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे फर्मकर्मियों को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में खेमपाल और सौरभ की मौत हो गई। डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर एयरपोर्ट के पास बुधवार को दो बाइकों की टक्कर के बाद सड़क पर गिरे तीन फर्मकर्मियों को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में खेमपाल (25) और सौरभ (25) की मौके पर ही मौत जबकि उनके साथी सूरज और दूसरी बाइक सवार रहमत घायल हो गए।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। रजौड़ा कन्नरदेव निवासी खेमपाल, सौरभ और सूरज बाइक से रामपुर दोराहे स्थित आरएच फर्म में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। एयरपोर्ट भदासना के पास पहुंचने पर दौलारी की ओर से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से खेमपाल और सौरभ सड़क पर गिर गए। इसी दौरान रामपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सूरज और दूसरी बाइक सवार दौलारी निवासी रहमत घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।



