जालंधर के युवक से केन्या में अपहरणकर्ताओं ने बंधक बनाकर मारपीट की और इसका वीडियो परिजनों को भेजकर लाखों रुपये की फिरौती मांगी थी।

विदेश भेजने के नाम पर पंजाब के युवाओं के साथ कथित तौर पर हुए एक गंभीर मामले ने परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। फिल्लौर के गांव भैणी निवासी 30 वर्षीय राकेश कुमार समेत तीन पंजाबी युवकों को केन्या में एक आपराधिक गिरोह द्वारा बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। परिवार के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने राकेश के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसका वीडियो व्हाट्सऐप पर परिजनों को भेजा और उसकी रिहाई के बदले 70 हजार डॉलर यानी करीब 58 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद तीनों युवकों को छुड़ा लिया गया है। परिवार ने मामले में शामिल कथित ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। राकेश के पिता कश्मीर लाल के मुताबिक, बेटे को इटली भेजने के लिए उन्होंने दो एजेंटों से संपर्क किया था। इनमें एक एजेंट परमजीत सिंह, जो इटली में रहता है, जबकि उसकी महिला साथी पास के गांव भारसिंहपुर की बताई जा रही है। दोनों ने राकेश को इटली भेजने का सौदा 9.50 लाख रुपये में तय किया था।



