
हरियाणा के शहरी क्षेत्रों में कचरा फैलाने और यातायात नियम तोड़ने वालों पर अब कैमरों से निगरानी होगी। केंद्र सरकार की अर्बन चैलेंज फंड योजना के तहत प्रदेश के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में हाईपावर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
स्वच्छता, सुरक्षा और राजस्व बढ़ाने के लिए प्रदेश के सभी नगर निकायों में चरणबद्ध तरीके से इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) स्थापित किए जाएंगे। प्रदेश में इसकी शुरुआत हिसार से होगी। यहां करीब डेढ़ से दो वर्ष में कमांड कंट्रोल सेंटर स्थापित करने की योजना है। इसके लिए नया भवन बनाने के साथ स्टाफ की नियुक्ति भी की जाएगी। सेंटर का संचालन पुलिस के सहयोग से होगा।
राज्य सरकार से मिली मंजूरी : निदेशक
हरियाणा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के निदेशक शाश्वत सांगवान ने बताया कि केंद्र सरकार के बाद राज्य सरकार ने भी योजना को मंजूरी दे दी है। शहरों में लगाए जाने वाले कैमरों की खासियत यह होगी कि वे व्यापक क्षेत्र में निगरानी कर सकेंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ कचरा फैलाने वालों की पहचान भी आसानी से हो सकेगी।




