सरकार की ओर से क्लाउड यूनिवर्सिटी होशियारपुर विधेयक-2026, एमएस डिजिटल यूनिवर्सिटी पटियाला विधेयक-2026 और फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी पटियाला विधेयक-2026 पेश किए जा सकते हैं।

पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र का आज अंतिम दिन हैे। सरकार आज आठ महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है। इनमें तीन नई डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटी स्थापित करने से जुड़े विधेयक भी शामिल हैं। वहीं विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा एवं कांग्रेस के विधायकों ने परिसर में प्रदर्शन किया।
पंजाब वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक-2026 में बिक्री के बाद दी जाने वाली छूट को पूर्व समझौते की शर्त के बिना क्रेडिट नोट जारी कर आपूर्ति की कीमत से बाहर रखने की अनुमति देने का प्रावधान है।
पंजाब स्टेट आउटसोर्स्ड ट्रांजिशन टू कॉन्ट्रैक्चुअल एंगेजमेंट विधेयक-2026 में जोखिम वाली श्रेणियों में तैनात कर्मचारियों को तीन साल की सेवा पूरी होने के बाद सीधे अनुबंध पर लाने की तैयारी है। इसके अलावा पंचायती राज संशोधन विधेयक-2026 और बिना सहायता वाले निजी स्कूलों में फीस से जुड़ा विधेयक भी पेश किया जा सकता है।
कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने विधानसभा अध्यक्ष से सदन का समय कुछ दिन बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विधेयकों को पढ़ने और उन पर विस्तृत चर्चा के लिए पर्याप्त समय चाहिए। सोमवार को सदन का आखिरी दिन हो सकता है। ऐसे में इन विधेयकों पर गंभीर चर्चा संभव नहीं होगी जबकि इनका सीधा संबंध आम लोगों से है।



