दिल्ली में रहने वाला बाप आगरा में हैवान बन गया। आरोपी बाप ने दामाद के साथ मिलकर चार माह की गर्भवती युवती की नदी में डुबोकर हत्या कर दी। गर्भवती युवती अविवाहित थी। उसका किशोर से अफेयर था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बिना बेटी के घर पहुंचे पिता पर पड़ोसियों को शक हो गया। पिता ने बचने के लिए बेटी के जहर खाकर जान देने की झूठी कहानी बना दी। पड़ोसियों ने पुलिस को कॉल करके जानकारी दे दी। इस पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई। पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

दिल्ली पुलिस आरोपी पिता और दामाद को मंगलवार को बासौनी लाई और गोताखोरों की मदद से युवती के शव की तलाश की। बासौनी इलाके का शख्स कई साल पहले दिल्ली चला गया था। वह दक्षिण दिल्ली में परिवार सहित रहता है। एक महीने पहले उसे पता चला कि 18 वर्षीय बेटी 4 महीने की गर्भवती है।
दामाद के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश
उसके प्रेम संबंध क्षेत्र के ही नाबालिग से हैं। इस बात पर बेटी से उसका झगड़ा हो गया और दामाद के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच दी। तीनों 28 जुलाई को दिल्ली से बासौनी स्थित अपने गांव आ गए। रात में रिश्तेदार के यहां रुकने के बाद 29 जुलाई की सुबह 6:30 बजे चंबल के घाट पर पहुंचे।
बेटी के जहर खाकर खुदकुशी करने की दी जानकारी
यहां बेटी पर नदी में कूदकर जान देने का दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर खुद ही डुबोकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह अकेला घर पहुंचा। पड़ोसियों के शक होने पर उसने बताया कि बेटी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
अपने मोबाइल में फोटो भी दिखाए। यह फोटो वायरल हो गए। एक पड़ोसी ने पुलिस को कॉल कर दिया। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। 31 जुलाई को पड़ोसी की तहरीर पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई। सोमवार को भी आगरा में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
पिता बोला, बदनामी से परेशान था
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में पिता ने बताया कि बेटी के गर्भवती होने की चर्चा पूरे मोहल्ले में हो रही थी। इससे उसकी बदनामी हो गई थी। वह घर से नहीं निकल पा रहा था। बेटी के प्रेम संबंध एक किशोर से थे। वह उसे गर्भपात कराने के बहाने गांव लेकर आया था।
यहां उस पर खुदकुशी का दबाव बनाया लेकिन वह मानी नहीं। इस पर हत्या कर दी। एक अगस्त को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
दो अगस्त को कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर शव बरामदगी के लिए कस्टडी रिमांड मांगी। कोर्ट ने पांच दिन की रिमांड दी है। पुलिस सोमवार शाम को दोनों को बासौनी लेकर पहुंची। मंगलवार को गोताखोरों की मदद से शव की तलाशी लेकिन नहीं मिल सका।
दिल्ली पुलिस पिता और दामाद को कस्टडी रिमांड पर लेकर आई है। दोनों पर हत्या का आरोप है। युवती की तलाश गोताखोरों की मदद से की जा रही है।-अभिषेक अग्रवाल, डीसीपी पूर्वी जोन



