
घर से खेलते-खेलते निकला चार साल का मासूम खुले पड़े टैंक में गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। काफी देर तक बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर मासूम टैंक की ओर जाता दिखाई दिया। तलाश करने पर उसका शव पानी में उतराता मिला।
हादसा थाना क्वार्सी क्षेत्र की पंच विहार कॉलोनी की गली नंबर तीन में हुआ। मूलरूप से थाना अकराबाद क्षेत्र के धौरई गांव निवासी रवि कुमार प्लंबर हैं। वह पिछले कई वर्षों से पंच विहार कॉलोनी में मकान बनाकर रह रहे हैं।
रविवार दोपहर करीब ढाई बजे रवि का चार वर्षीय बेटा गोलू घर का दरवाजा खुला होने पर खेलते-खेलते बाहर निकल गया। वह घर के पास खाली पड़े प्लॉट में पहुंच गया। इसी दौरान वह वहां बने खुले शौचालय के टैंक में गिर गया।
उधर, काफी देर तक गोलू के घर में दिखाई नहीं देने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। आसपास खोजबीन करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई। फुटेज में गोलू टैंक की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने टैंक में तलाश की तो उसका शव पानी में उतराता मिला।
परिजन आनन-फानन में उसे चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गोलू तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उससे बड़ा एक भाई और सबसे बड़ी बहन है। परिजन देर शाम बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने पैतृक गांव धौरई, अकराबाद ले गए।
गोलू तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उससे बड़ा एक भाई और सबसे बड़ी बहन है। परिजन देर शाम बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने पैतृक गांव धौरई, अकराबाद ले गए।



