नगर पंचायत सासनी के वार्ड संख्या तीन में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का सभासद सुरेंद्र वार्ष्णेय ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को गंभीरता से परखा और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सभासद सुरेंद्र वार्ष्णेय ने कहा कि वार्डवासियों को बेहतर और टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण स्थल पर मौजूद ठेकेदार एवं संबंधित कर्मचारियों से कहा कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता से समझौता पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की बेस तैयार करने, इंटरलॉकिंग सामग्री की गुणवत्ता, समतलीकरण तथा जल निकासी की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि भविष्य में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न झेलनी पड़े। सभासद ने स्थानीय लोगों से भी निर्माण कार्य पर नजर रखने और किसी भी कमी की जानकारी तुरंत देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड के विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उनके निरीक्षण और सख्त निर्देशों से स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया तथा उम्मीद जताई कि सड़क का निर्माण बेहतर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा होगा, जिससे वार्डवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सकेगा।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



