अलीगढ़ जिले के गोंडा थाना क्षेत्र में कथित ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। एक युवक की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती की संदिग्ध मौत और शव का अंतिम संस्कार किए जाने के मामले में उसकी मां, दो भाइयों और दो मामाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष तरीके से जांच की जा रही है।

गोंडा थाना क्षेत्र निवासी हर्षित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि बासोली गांव निवासी हिमांशी से उसकी दोस्ती थी और दोनों के बीच घनिष्ठ संबंध थे। शिकायत के अनुसार, इस रिश्ते से नाराज युवती के परिजनों ने उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से रात में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ और पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध परिस्थितियों के संकेत मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई।
एसएसपी ने बताया कि युवती की मां, दो भाइयों और दो मामाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा उपलब्ध साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, मामले का निस्तारण वैज्ञानिक साक्ष्यों और निष्पक्ष विवेचना के आधार पर किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में हत्या अथवा ऑनर किलिंग की पुष्टि होती है, तो दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूछताछ, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
Author: planetnewsindia
8006478914