UP: 30 सेकंड के लिए आई मौत, साथ ले गई पांच जिंदगियां, पहले दीवार, फिर ढह गई छत; दर्दनाक हादसे की पूरी कहानी

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में तेज बारिश और हवा के दौरान रविवार की रात एक कच्चे मकान की छत गिरने से सात लोग मलबे में दब गए। मौके पर पहुंचे लोगों काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। पिता इस्लाम और उनके चार बच्चों की मौत हो गई। दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

Muzaffarnagar rain tragedy Roof collapses on family eating a meal; five dead, including father and children

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना के हबीबपुर गांव में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार के मुखिया मजदूर इस्लाम कस्सार के घर 30 सेकेंड के लिए आई मौत ने ऐसा झपट्टा मारा कि हबीबपुर सीकरी गांव में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ ही देर पहले तक बच्चे खाना खाने की तैयारी कर रहे थे, वहां पर मौत का मातम पसर गया। बस्ती में शोर मचा तो पहले ग्रामीण कुछ समझ नहीं पाए। करीब एक घंटे तक सिर्फ घायल होने की जानकारी ही दी जाती रही लेकिन देर रात परिवार के मुखिया और चार बच्चों की मौत से गांव में गम का माहौल बन गया।

प्रधान प्रमोद कुमार ने बताया कि मजदूर परिवारों ने अपनी पिछली दीवार पक्की की हुई है, जबकि आगे का हिस्सा कच्चा है। रविवार रात बारिश के कारण ईंटों की दीवार गिरने के कारण ही छत गिरी और पूरा परिवार मलबे में दब गया। मोहल्ले के लोगों ने शोर सुना लेकिन एकाएक कुछ समझ नहीं आया। पड़ोसी बाहर निकले तो इस्लाम का मकान गिरा मिला। इसके बाद गांव में शोर मचा, जिसके बाद राहत के लिए लोग पहुंचे।

अस्पताल पहुंचे राज्यमंत्री अग्रवाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल देर रात स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां पर हादसे में घायल दो बच्चों को भर्ती कराया गया है। अग्रवाल ने बताया कि परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर से बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीणों ने यह बताया
बारिश के दौरान उन्हें एकाएक जोर से कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद बस्ती में चीखने की आवाज आई। ग्रामीण मौके की तरफ भागे। राहत कार्य शुरू किया लेकिन करीब आधा घंटा मलबे में दबे परिवार तक पहुंचने में लग गया। ग्रामीण मुजस्सिर ने बताया कि सैकड़ों लोगों ने मलबा हटाने में मदद की है।

पड़ोस में गई थी पत्नी और दो बच्चे
हादसे के वक्त इस्लाम की पत्नी जैबून मोहल्ले में ही गई हुई थी। उसके साथ 14 साल की बेटी शहजादी और शुभान भी चला गया। इसी वजह से यह तीनों हादसे की चपेट में आने से बच गए। परिवार में कुल 10 सदस्य थे, इनमें पांच की मौत हो गई और दो घायल है। मां व दो बच्चे सकुशल बच गए।

मलबे से निकालककर भिजवाया अस्पताल
ग्रामीणों ने हादसे के बाद हिम्मत का परिचय दिया। मलबे में दबे परिवार को निकालने के लिए पूरा गांव जुटा। जैसे-जैसे सदस्य मिलते गए उन्हें तुरंत ही अस्पताल भिजवाते गए। अलग-अलग सदस्यों को बुढ़ाना भिजवाया गया। यहां से दो घायल बच्चों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने व पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जनप्रतिनिधियों ने जताया हादसे पर दुख
रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, चरथावल के सपा विधायक पंकज मलिक, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, डॉ. सत्येंद्र पाल और राकेश शर्मा ने हादसे पर दुख जताया।

खाना खा रहे परिवार पर छत गिरी, पिता और बच्चों समेत पांच की मौत
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में तेज बारिश और हवा के दौरान रविवार की रात फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर सीकरी गांव में रात खाना खाते समय कच्चे मकान की छत गिरने से सात लोग मलबे में दब गए। मौके पर पहुंचे लोगों काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और सीएचसी में पहुंचाया। इसमें पिता इस्लाम और उनके चार बच्चों की मौत हो गई। दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों का सीएचसी में उपचार चल रहा है।

इस्लाम (58) मजदूरी करता था। रात को वह अपने छह बच्चों बेटी रुकैया (8) रुखसार (10), अलसीबा (4), सुमैया (7), आहद (5) और एक साल के जीशान के साथ घर में खाना खा रहा था । इसी दौरान पहले मकान की एक दीवार गिरी, फिर छत ढह गई। इससे खाना खा रहा पूरा परिवार मलबे में दब गया।

चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। जेसीबी की मदद से मलबे को हटाया गया। घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

वहां इस्लाम, रुखसार, आहद, अलसीबा और जीशान को मृत घोषित कर दिया गया। रुकैया और सुमैया गंभीर रूप से घायल हैं। प्रधान प्रमोद शर्मा ने बताया कि रविवार रात हादसे के बाद करीब नौ बजे ग्रामीणों को जानकारी मिली। सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य किया।

हादसे की जानकारी मिलते ही कमिश्नर रुपेश कुमार, डीएम उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय वर्मा, सीओ फुगाना नरेंद्र यादव, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया गया।

हबीबपुर सीकरी में छत गिरने से हुई एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में आश्रितों की हर संभव मदद की जाएगी। उमेश मिश्रा, जिलाधिकारी।

यह रही हादसे की वजह
हबीबपुर सीकरी निवासी इस्लाम के मकान का आगे का हिस्सा कच्चा और पीछे की दीवार पक्की थी। बरसात के कारण पहले पक्की दीवार गिरी, इसके बाद कच्चा हिस्सा भी गिर गया। पूरा परिवार मलबे में दब गया। गंभीर चोटें लग जाने के कारण परिवार के मुखिया और चार बच्चों की मौत हो गई।

हादसे में इनकी मौत
नाम        उम्र
इस्लाम    58
रुखसार    10
आहद     05
अलसीबा    04
जीशान    01

यह हुए हैं घायल
रुकैया    06
सुमैया    07

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई