पिछले कुछ महीनों से पंजाब में स्कूलों, अदालत परिसरों और अन्य सरकारी व निजी संस्थानों को लगातार धमकी भरे ई-मेल मिल रहे हैं। अधिकतर मामलों में जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, लेकिन ऐसी घटनाओं को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं।

लुधियाना के एक निजी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन को मिले धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर पुलिस टीमें पहुंची तथा पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। एहतियात के तौर पर स्कूल में पढ़ रहे बच्चों की छुट्टी कर दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
पुलिस ने स्कूल परिसर के भीतर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की। स्कूल भवन, कक्षाओं और अन्य हिस्सों की तलाशी ली जा रही है। शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से पंजाब में स्कूलों, अदालत परिसरों और अन्य सरकारी व निजी संस्थानों को लगातार धमकी भरे ई-मेल मिल रहे हैं। अधिकतर मामलों में जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, लेकिन ऐसी घटनाओं को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं।
पुलिस का कहना है कि धमकी भरे ई-मेल भेजने वालों की पहचान करने के लिए साइबर विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है। ई-मेल के स्रोत और उसकी सत्यता की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
प्रशासन ने आम लोगों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया है।




