बागपत के सचिन हत्याकांड में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। हत्याकांड के चश्मदीद बच्चों ने पुलिस के सामने बयान दर्ज कराए हैं। बच्चों ने पुलिस को उस रात की पूरी कहानी बताई है।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में हुए सचिन हत्याकांड में एक और नया खुलासा हुआ है। अब हत्याकांड में मासूम बेटी और बेटा सामने आए हैं। उन्होंने मां और उसके प्रेमी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
नौरोजपुर गुर्जर गांव के किसान सचिन की आठ साल की बेटी और सात साल के बेटे ने पिता की हत्या की घटना के बारे में पुलिस को बताया। उन्होंने बताया कि हमारे पापा को मम्मी और एक अंकल ने तकिए से मुंह दबाकर मारा है। जब पापा की चीख निकली तो हमारी नींद खुद गई और कमरे की खिड़की से हमने सब कुछ देखा। पुलिस ने विवेचना में उनके बयान दर्ज कर लिए हैं।
नौरोजपुर गुर्जर गांव में 12 जून की रात किसान सचिन को उसकी पत्नी रचना ने खीर में नशीली गोलियां मिलाकर खिलाई थीं। सचिन के सोने पर मर्चेंट नेवी में सेकेंड क्लास इंजीनियर अपने प्रेमी सोनू निवासी रंछाड़ को बुलाकर उसके साथ संबंध बनाए थे।
सचिन के जागने पर दोनों ने तकिए से मुंह दबाने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी रचना और उसके प्रेमी सोनू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। इस मामले में पुलिस अब बयान दर्ज कर रही है।
विवेचना अधिकारी इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि इसमें सोमवार को सचिन की बेटी और बेटे के बयान दर्ज किए गए। दोनों ने बताया कि वह कमरे में सोए हुए थे। रात में उनको पापा की चीख सुनाई दी तो उनकी नींद खुल गई। कमरे में खिड़की लगी हुई है।
उससे बाहर झांककर देखा तो बरामदे में चारपाई पर लेटे हुए पापा के मुंह पर मम्मी व एक अंकल ने तकिया रखा हुआ था और उस तकिए से उनका मुंह दबा रहे थे। यह देखकर दोनों डरकर कमरे में अंदर जाकर लेट गए। पुलिस अब जल्द ही आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल करेगी।
घटना के बारे में बताते हुए रोने लगे बच्चे
दोनों बच्चों ने पिता सचिन की हत्या के बारे में पुलिस को बताया और रोने लगे, जिन्हें परिवार वालों ने शांत कराया। पुलिस ने बच्चों व परिवार वालों को हर संभव मदद, सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
यह था पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के नौरोजपुर गुर्जर गांव में 12 जून की रात सचिन (33) नामक व्यक्ति की उसकी पत्नी रचना और प्रेमी सोनू (निवासी रंछाड़) ने मिलकर हत्या कर दी। सूत्रों के अनुसार, रचना ने पहले अपने पति सचिन को नशीली गोलियां मिलाकर खीर खिलाई, जिससे वह गहरी नींद में सो गया। इसके बाद, उसने अपने प्रेमी सोनू को बुलाया और दोनों ने मिलकर सचिन का गला घोंटकर उसकी जान ले ली।
सामान्य मौत दिखाने का प्रयास
हत्या के बाद, इस जघन्य अपराध को छिपाने और इसे एक दुर्घटना का रूप देने के लिए, रचना और सोनू ने यह कहानी गढ़ी कि सचिन की तबीयत खेत में कीटनाशक का छिड़काव करते समय बिगड़ गई थी। शनिवार की सुबह, सचिन के भाई नवीन को रचना ने फोन कर बताया कि सचिन की तबीयत काफी खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है।
परिजनों को शक और पुलिस की सक्रियता
सचिन के परिजन उसे तुरंत बड़ौत के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद, एक अन्य अस्पताल में ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, 13 जून की सुबह सचिन के गले पर मिले निशान देखकर परिजनों को शक हुआ।
उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब दस बजे एक युवक (पहचाना गया सोनू) सचिन के घर में प्रवेश करते हुए और सुबह तीन बजकर 28 मिनट पर बाहर निकलते हुए दिखाई दिया। इस महत्वपूर्ण सुराग ने पुलिस को घटना की सच्चाई तक पहुंचने में मदद की।
पूछताछ में खुलासा और गिरफ्तारी
घटना के संबंध में जब पुलिस ने पत्नी रचना से पूछताछ की, तो वह शुरू में कीटनाशक के छिड़काव से हुई मौत की बात पर अड़ी रही। लेकिन, जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज पेश की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। रचना ने बताया कि प्रेमी सोनू ने ही उसे नशे की गोलियां लाकर दी थीं, जिन्हें उसने खीर में मिलाकर सचिन को खिलाया था। पति के बेहोश होने पर उसने प्रेमी को बुलाकर हत्या को अंजाम दिया।