आखिरी सांसें: ‘हम हिंदू हैं, बहन मान जाओ’; ये कह डेढ़ मिनट में भाई ने घोंटा गला, फिर शान से थाने में सरेंडर

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

Honor Killing In Fatehpur: फतेहपुर में एक भाई ने अपनी बहन की केवल इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वह दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम करती थी। आरोपी ने गला दबाकर बहन को मारने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया और खुद थाने जाकर सरेंडर कर दिया।

Fatehpur Honor Killing We are Hindus saying this the brother strangled her in a minute and a half

बहन…हम लोग हिंदू हैं। दूसरे समुदाय में शादी नहीं हो सकती है। अब, तो तुम्हारी शादी भी हो चुकी है। तुम अपने पति के घर की लक्ष्मी हो। वहीं रहो…और खुशी-खुशी जीवन बिताओ। बहन मान जाओ, प्रेमी के पास मत जाने की सोचो। साहब! इसी तरह मैंने बहन को खूब समझाया। जब वह नहीं मानी तो उसका गला घोंट दिया और फिर शव को कुएं में फेंक दिया।

ये बातें पुलिस के सामने आरोपी भाई ने कबूलीं। थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा में बहन को मौत के घाट उतारने के बाद पुलिस की पूछताछ में आरोपी भाई संदीप ने बताया कि बहन का प्रेमी विशेष समुदाय के कसाई बिरादरी का है। हम हिंदू यादव हैं। वह और परिवार के लोग किसी हालत में इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर सकते थे।

किसी हालत में रिश्ते को स्वीकार नहीं कर सकते
वह और परिवार के लोग किसी हालत में इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर सकते थे। आरोपी ने बताया कि अहमदाबाद से लौटकर बहन की ससुराल पहुंचा था। यहां उसने समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी और वहां भी हंगामा करती रही। बाद में वह बहन को साथ घर ले जाने लगा और रास्ते में भी समझाता रहा।

हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया
इसके बाद भी वह मानने को तैयार नहीं थी। इसी दौरान गुस्से में उसने हत्या कर दी और बाद में शव को कुएं में फेंक दिया। आरोपी ने यह भी कहा कि पहले वह भागना चाहता था लेकिन बाद में उसे लगा कि इससे शक परिवार और ससुराल वालों पर जाएगा। इसलिए वह खुद पुलिस के पास चला गया।

हाथ-पैर चला छटपटाई, डेढ़ मिनट में ही रुक गईं सांसें
आरोपी ने बताया कि वह बहन को समझाने से थक गया था। रास्ते में अचानक गुस्से में उसने जोर से चिल्लाया और उसका गला दबाकर खेत में गिरा दिया। जान बचाने के लिए वह हाथ-पैर चलाकर छटपटाती रही लेकिन करीब डेढ़ मिनट बाद उसकी सांसें थम गईं।

युवती को प्रेमजाल में फंसाकर ब्रेनवॉश करने का आरोप
परिजन के अनुसार करीब तीन साल से युवती का गांव के एक विशेष समुदाय के युवक से प्रेम संबंध था। पिता शिव सिंह यादव ने बताया कि घर मुख्य मार्ग पर होने के कारण युवक का आना-जाना था। इसी दौरान उसने बेटी से संपर्क बढ़ाया और बाद में फोन पर बातचीत शुरू हो गई। परिवार का आरोप है कि धीरे-धीरे उसका ब्रेनवॉश कर दिया गया। इससे वह परिवार की बात मानने को तैयार नहीं थी। बाद में उसकी शादी कर दी गई थी लेकिन स्थिति नहीं बदली।

बेटे से फोन पर नहीं हुआ संपर्क
पिता ने बताया कि घटना से पहले रात में बेटे से कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था। रिश्तेदारों और आसपास गांव में भी तलाश की गई। इसके बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिली।

युवती की जान खतरे में होने की प्रेमी ने की थी शिकायत
परिजन का आरोप है कि तीन दिन पहले युवती के प्रेमी ने पुलिस चौकी में उसकी जान को खतरे की शिकायत दी थी। पिता शिव सिंह यादव ने बताया कि इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि चौकी प्रभारी अरुण मौर्या ने कहा है कि उनके पास ऐसा कोई शिकायती पत्र नहीं आया है।

पांच माह पहले ऐसी ही वारदात से दहला था हसवा
थरियांव थाने के हसवा कस्बे के चौधराना मोहल्ले में 16 जनवरी को प्रेम संबंध के चलते हुए दोहरे हत्याकांड की घटना की यादें एक बार फिर ताजा हो गई हैं। इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया था और लोग अभी तक उसे भूले नहीं थे। चौधराना मोहल्ला निवासी दिलदार कुरैशी ने अपनी सगी भाभी जिकरा और दोस्त फैजान की चापड़ व चाकू से हत्या कर दी थी।

रिश्तों के कत्ल की दूसरी बड़ी वारदात
वारदात के बाद वह पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया था। हमले के दौरान बहन पर भी चाकू से हमला किया गया था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अवैध संबंधों को लेकर हत्या की बात स्वीकार की थी। अब एक बार फिर हसवा क्षेत्र में भाई द्वारा बहन की हत्या की घटना सामने आने से लोग उस पुराने हत्याकांड को याद कर रहे हैं। पांच माह के भीतर रिश्तों के कत्ल की दूसरी बड़ी वारदात से क्षेत्र में दहशत और स्तब्धता का माहौल है।

यै है पूरा मामला
शादी के बाद विशेष समुदाय के युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ी युवती की शुक्रवार रात भाई ने गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कुएं में फेंक दिया और पूरी रात जंगल में बिताई। शनिवार सुबह करीब आठ बजे आरोपी स्वयं पुलिस चौकी पहुंचा और बहन की हत्या करने की बात कबूल कर ली। यह सुनकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
इसके बाद फौरन दमकल टीम की मदद से शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा कस्बा निवासी शिव सिंह यादव उर्फ कल्लू की पुत्री की शादी एक मई को राधानगर थाना क्षेत्र के सोनहीं बड़नपुर निवासी पिंटू उर्फ अजय के साथ हुई थी। शादी के बाद वह पहली बार चौथी पर मायके आई थी। परिजन ने बताया कि 13 मई की रात वह गांव के रहने वाले प्रेमी विशेष समुदाय के युवक के साथ चली गई थी।

16 मई को परिजन उसे खोजकर घर ले आए
इसकी सूचना चौकी पुलिस को दी गई थी। करीब तीन दिन बाद 16 मई को परिजन उसे खोजकर घर ले आए। इसकी जानकारी ससुराल पक्ष को होने के बाद दोनों के बीच पंचायत हुई। समझौते के बाद युवती की विदाई कर दी गई लेकिन ससुराल में भी उसकी प्रेमी से बातचीत जारी रही। इसकी जानकारी अहमदाबाद में मजदूरी करने वाले भाई संदीप को हुई। वह 10 जून को बहन की ससुराल पहुंचा और दो दिन तक वहीं रुका।

गुस्से में आकर बहन का गला दबा दिया
यहां भाई से बहन प्रेमी के साथ रहने की जिद करती रही। शुक्रवार देर शाम संदीप बहन को गांव ले जाने के बहाने बिलंदा लेकर पहुंचा। टैक्सी से उतरने के बाद दोनों पैदल गांव की ओर जा रहे थे। परिजन ने बताया कि हसवा कस्बा स्थित गुड्डू सिंह के खेत के पास संदीप ने गुस्से में आकर बहन का गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को कुएं में फेंक दिया।

दूसरे समुदाय के युवक से युवती के प्रेम संबंध थे। युवती ससुराल में नहीं रहना चाहती थी। इसी बात से नाराज होकर भाई ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई