मनिंदर सिंह रात को अपनी दुकान बंद कर बाइक पर घर लौट रहा था। जब वह जंडियाला गुरु क्षेत्र में पहुंचा तो पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उस पर पीछे से अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

अमृतसर के कस्बा जंडियाला गुरु में शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मनिंदर सिंह के रूप में हुई है। वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर बाइक पर घर लौट रहा था। रात करीब 10:30 बजे जब वह जंडियाला गुरु क्षेत्र में पहुंचा तो पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उस पर पीछे से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सात से आठ राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से चार गोलियां मनिंदर सिंह की पीठ में लगीं।
गोली लगते ही मनिंदर सिंह सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जंडियाला गुरु की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत एकत्र किए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस विभिन्न सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।