सिमरनजीत सिंह अमन नगर का रहने वाला था। उसकी करीब चार साल पहले ईशा के साथ शादी हुई थी और उनका डेढ़ साल का बेटा है। सिमरनजीत की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

जालंधर के न्यू दशमेश नगर इलाके में शुक्रवार रात मामूली विवाद के बाद हुई फायरिंग में एक इलेक्ट्रीशियन सिमरनजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि सौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। सौरव को पेट के पास गोली लगी है और उसकी हालत नाजुक होने के चलते उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी रही।
भटूरे खाने के दाैरान हुआ था विवाद
घटना के चश्मदीद राजवीर के अनुसार, एक दिन पहले वह और सिमरनजीत भटूरे खाने गए थे, जहां सौरव और उसके साथियों के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान सौरव की गैंग ने सिमरनजीत पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। सिमरनजीत का इलाज करवाने के बाद पुलिस में शिकायत भी दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
राजवीर ने बताया कि शुक्रवार रात वह, सिमरनजीत, ललित उर्फ गुल्लू और पप्पू अलग-अलग बाइकों पर सिविल अस्पताल जा रहे थे ताकि पट्टी करवाने और एमएलआर रिपोर्ट लेने का काम पूरा किया जा सके। इसी दौरान न्यू दशमेश नगर में सौरव दिखाई दिया। आरोप है कि गुल्लू ने बाइक रोककर पिस्तौल निकाली और सौरव पर गोली चला दी।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस अब फरार बताए जा रहे गुल्लू और पप्पू की तलाश कर रही है। एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव ने बताया कि देर रात न्यू दशमेश नगर में गोली चलने की सूचना मिलने पर थाना भार्गव कैंप के एसएचओ और एसीपी आतिश भाटिया पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान सामने आया कि 8 से 9 युवक बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर सौरव पर हमला करने पहुंचे थे। प्राथमिक जांच में यह भी पता चला है कि एक दिन पहले भी कुछ युवकों की सौरव के साथ कहासुनी और मारपीट हुई थी। उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने दोबारा हमला किया, जो खूनी संघर्ष में बदल गया। फायरिंग के दौरान सिमरनजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर 3 से 4 विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि फरार अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक ही दिन में दूसरी घटना, कानून-व्यवस्था पर सवाल
शुक्रवार को जालंधर में यह दूसरी बड़ी फायरिंग की घटना रही। इससे पहले शाम को किशनपुरा चौक स्थित चर्चित बीएमएस फैशन स्टोर पर बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलियां चलाई थीं। वारदात के बाद दुकानदार को धमकी भरी कॉल मिलने की भी चर्चा रही।
मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के प्रस्तावित दौरे से ठीक एक दिन पहले शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर सरेआम फायरिंग और एक युवक की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल है।