
थाना समालखा क्षेत्र की गांधी कॉलोनी में बीएसएफ में एसआई के पद पर तैनात संजय की पत्नी रितु (25) ने शनिवार दोपहर को अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रितु के परिजनों का आरोप है कि उसके पति संजय का दूसरी लड़की से संबंध है, जिसकी चैट रितु ने देख ली थी। जिस कारण वह तनाव में थी। शुक्रवार को उसने पिता को फोन कर कहा था कि वह जीना नहीं चाहती। एक जून को उनके बेटे का पहला जन्मदिन है। इससे पहले ही उसने यह कदम उठाया। थाना पुलिस ने रितू के पिता की शिकायत पर पति संजय, सास, ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
हीरा लाल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को करीब डेढ़ बजे रितु ने उन्हें फोन कर बताया था कि संजय और उसके परिवार वाले उसकी हत्या करना चाहते हैं। संजय ने उसकी मांग का सिंदूर मिटा दिया है और दूसरी लड़की से शादी करने की बात कही। जिस कारण वह मानसिक रूप से तनाव में है और अब जीना नहीं चाहती।
28 को छुट्टी लेकर आया था संजय, 29 को चला गया था वापस
परिजनों ने बताया कि संजय की तैनाती पश्चिम बंगाल में है। वह 28 मई को छुट्टी आया था। इस दौरान उन्होंने दो दिन पहले ही बेटे का जन्मदिन मनाया। इसके बाद वह 29 मई को वापस चला गया। इस दौरान उसका रितु से झगड़ा हुआ था। शनिवार सुबह भी दोनों के बीच फोन पर काफी बहस हुई थी।
समालखा में नहीं हुआ पोस्टमार्टम, पानीपत में कराना पड़ा
महिला की मौत के बाद शनिवार को पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए समालखा उपमंडल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन वहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम करने में असमर्थता जताई। इसके बाद पुलिस शव को पानीपत के नागरिक अस्पताल ले गई। रविवार को पानीपत में पोस्टमार्टम कराया गया। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को अपने पैतृक गांव राजस्थान ले गए।
पुलिस की जांच में अभी तक चैट सामने नहीं आई है। पति, सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -दीपक, प्रभारी थाना समालखा।


