
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से आगरा जोन के एडीजी एसके भगत ने सासनी कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने न केवल विभागीय कामकाज की समीक्षा की, बल्कि मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए गरीब छात्र-छात्राओं को साइकिलें भी वितरित कीं।
मंगलवार को जैसे ही एडीजी सासनी कोतवाली पहुुंचे तो मौजूद पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। सभी-अपनी-अपनी कुर्सी पर सतर्क हो सावधान हो गये। एडीजी ने थाने के विभिन्न पटलों का सघन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, महिला पुलिस चैकी और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को परखा। साइबर हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर डिजिटल रिकॉर्ड की जाँच की। रिकॉर्ड रूम, जीडी कार्यालय और प्रभारी निरीक्षक कार्यालय के अभिलेखों के रख-रखाव का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मातहतों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और थाने आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस का एक मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। एडीजी एसके भगत ने क्षेत्र के करीब दर्जनभर असहाय और गरीब छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिलें भेंट कीं। पुलिस के आला अफसरान और उनसे साईकिल उपहार स्वरूप साइकिल पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। एडीजी ने एसपी हाथरस के निर्देशन में पुलिस द्वारा इन बच्चियों को गोद लेकर उनकी शिक्षा और देखभाल में सहयोग करने के कार्य की जमकर सराहना की। औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, सीओ सिटी हिमांशु माथुर, सीओ सिकंदराराऊ जे.एस. अस्थाना, सादाबाद के सीओ और प्रभारी निरीक्षक प्रभारी विपिन चैधरी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। वहीं मीडिया से बात करते हुए एडीजी ने कहा कि त्योहारों के दृष्टिगत अलीगढ़ जाते समय यह औचक निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुलिस बल ग्राउंड लेवल पर बेहतर काम कर रहा है और उनकी प्रगति सराहनीय है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS
