Unnao News: पीआरवी वाहन ट्रक की टक्कर से खंती में जा पलटा। हादसे में हेड कांस्टेबल व चालक घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर ट्रक की टक्कर से पीआरवी स्कार्पियो अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। घटना में चालक और हेड कान्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फंसे चालक व हेड कांस्टेबल को निकालकर मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने दोनों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
आसीवन थानाक्षेत्र में पीआरवी स्कार्पियो वाहन संख्या यूपी 32 डीजी 6809 सोमवार भोर थानाक्षेत्र गांव वीरूगढ़ी ड्यूटी प्वाइंट पर गई थी। भोर पांच बजे लौटते समय लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग थानाक्षेत्र के रानीबाग के पास ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित स्कार्पियो खंती में जाकर पलट गई। घटना में पीआरवी जवान अयोध्या निवासी हेड कान्स्टेबल रमेश (51) पुत्र रामचंद्र यादव और औरास थानाक्षेत्र के गांव गलरापुर निवासी चालक सुनील कुमार (40) पुत्र रामकुमार उसी में फंस गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने चालक और हेड कांस्टेबल को मौजूद लोगों की मदद से बाहर निकलवाकर मियागंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। डायल 112 की प्रभारी अश्वनी मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक के टक्कर मारने की जानकारी हुई है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।