UP: बिजली संकट पर फूटा गुस्सा, आधी रात को बवाल-हंगामा, अखिलेश यादव बोले- सिर्फ दाम बढ़ रहे, आपूर्ति नहीं

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

लखनऊ में भीषण बिजली संकट के चलते कई उपकेंद्रों पर रातभर हंगामा, सड़क जाम और प्रदर्शन हुए। फॉल्ट ठीक करते समय तीन संविदा कर्मचारी झुलस गए। विपक्ष ने सरकार पर बिजली आपूर्ति विफल होने का आरोप लगाया। प्रशासन ने संवेदनशील उपकेंद्रों पर पीएसी तैनात करने और इंजीनियरों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।

UP: Outrage Erupts Over Power Crisis; Midnight Chaos and Protests—Akhilesh Yadav Says: "Only Prices Are Rising

राजधानी में बीती बृहस्पतिवार रात छह घंटे के भीतर पांच उपकेंद्रों पर बिजली के लिए खूब हंगामा और प्रदर्शन हुआ। सेक्टर-25 इंदिरानगर, न्यू कैंपस, विक्टोरिया, बनी, गहरू उपकेंद्र का घेराव कर नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इसके अलावा फॉल्ट सही करने के दौरान तीन संविदा कर्मचारी झुलस भी गए, जिसमें एक की हालत नाजुक बनी है। इनमें न्यू कैंपस उपकेंद्र के लाइनमैन कमलेश, गुड्डू व नींबू पार्क घंटाघर उपकेंद्र के अनूप शामिल हैं।

सेक्टर-25 और विक्टोरिया उपकेंद्र में लोगों का धावा, घेराव

बृहस्पतिवार रात करीब 11:30 बजे सेक्टर-25 इंदिरानगर व विक्टोरिया चौक उपकेंद्र के बड़े हिस्से में अंधेरा हो गया। दोनों उपकेंद्र पर सौ से ज्यादा लोगों की भीड़ पहुंची और घेराव किया। विक्टोरिया में सरगा पार्क फीडर की ट्राली फट गई थी जबकि सेक्टर-25 उपकेंद्र की 33 हजार लाइन की आपूर्ति ठप हो गई थी। इससे इंदिरानगर के सेक्टर 18, 19, 20 21, 25, बस्तौली, समुद्दीनपुर, रिंग रोड सहित आसपास के रात 11 बजे करीब 15 हजार घरों में अंधेरा छा गया। इन इलाकों में शाम 7 बजे से बिजली संकट बना हुआ था।

रात में बिजली गुल होने पर लोग आपा खो बैठे और उपकेंद्र पर धावा बोल दिया। प्रदर्शनकारी तोड़फोड़ पर आमादा थे। कर्मचारी गेट में अंदर से ताला बंद कर पीछे के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग बिजली चालू करने की मांग पर अड़े रहे। नाराज लोगों ने रिंग रोड जाम लगाया तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ा।

अधीक्षण अभियंता नवीन चंद्रा ने बताया कि रात करीब 2 बजे जब 33 केवी बिजली चालू हुई तो प्रदर्शनकारियों के वापस लौटने का सिलसिला शुरू हुआ। विक्टोरिया उपकेंद्र पर ट्राली को सही करने के लिए अमृत बाजार, बड़ी कालीजी, अकबरीगेट फीडर को रात करीब 1:30 बजे बंद करना पड़ा। इससे नाराज लोगों ने उपकेंद्र का घेराव कर लिया। कर्मचारी उपकेंद्र से भाग कर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से मदद की गुहार की। रात 3:30 बजे तक पुलिस उपकेंद्र की सुरक्षा के लिए बैठे रहे तब कर्मचारी काम करके बिजली चालू कर पाए।

न्यू कैंपस उपकेंद्र के कर्मी तीन घंटे तक बंधक बने, दो गुटों में मारपीट

न्यू कैंपस उपकेंद्र के भुइयां देवी मंदिर, कुटवा रोड इलाके में बृहस्पतिवार देर रात बिजली संकट से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। यह बिजली संकट एबीसी जलने के कारण उत्पन्न हुआ था।

रात नौ बजे जब 3-4 कर्मचारी एबीसी बदलने गए तो मोहल्ले के दबंगों ने उनको यह कहते हुए बंधक बना लिया कि दो दिन से जब सोने का समय होता तो काम करने चले आते हो। मौके पर पहुंचे एसडीओ संतोष कुमार विश्वकर्मा, जेई प्रदीप ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने।

मुस्लिमनगर और पिंक सिटी तिवारीपुर के लोगों के गुटों के बीच पहले बिजली चालू करने की जिद में मारपीट हो गई। पुलिस भी पहुंची। कर्मचारियों को बंधक बनाए जाने के तीन घंटे बाद रात 12 बजे दोनों मोहल्ले में अलग-अलग कर्मियों को एक साथ एबीसी बदलने भेजा गया।

एबीसी में आग लगने से दो कर्मचारी झुलसे

पिंक सिटी तिवारीपुर में एलटी लाइन बांधने के दौरान एबीसी में आग लग गई जिससे लाइनमैन कमलेश और गुड्डू झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे कमलेश का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। गुड्डू को सेवा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। न्यू कैंपस क्षेत्र में एक माह के भीतर यह तीसरी घटना है।

गहरू व बनी उपकेंद्र पर फूटा गुस्सा

सरोजनीनगर। बृहस्पतिवार देर रात गहरू उपकेंद्र के जयराजपुरी फीडर पर बड़ा हादसा होने से बचा। ओवरलोडिंग के चलते जयराजपुरी, इंद्रपुरी, सिद्धार्थनगर और स्कूटर इंडिया-पिपरसंड रोड स्थित रुद्रेश्वर मंदिर के पास लगी एबीसी लाइन धू-धू कर जल उठी। चिंगारियों और धमाकों से दहशत फैल गई।

इससे रात 9:30 बजे बाधित हुई बिजली छह घंटे बाद तड़के 3 बजे बहाल हो सकी। बिजली संकट के विरोध में नाराज लोगों का गहरू उपकेंद्र पर आधी रात को प्रदर्शन किया। उधर, बिजली की आंख-मिचौली से नाराज मिर्जापुर गांव के लोगों ने देर रात बनी उपकेंद्र पहुंचकर कर्मचारियों से अभद्रता और गाली-गलौज की। कर्मचारियों ने पुलिस को फोन किया तो लोग वहां से खिसक लिए।

एलटी लाइन में चिपका लाइनमैन, झुलसा

नींबूपार्क घंटाघर उपकेंद्र के संविदा लाइनमैन चौक निवासी अनूप शुक्रवार सुबह 9:25 बजे फॉल्ट ठीक करने के दौरान एलटी लाइन से चिपक गए। साथियों ने आनन-फानन में बिजली बंद कर उन्हें छुड़ाया और मेडिकल कॉलेज ले गए। अनूप की जान तो बच गई मगर शरीर कई जगह झुलस गया। मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने अस्पताल पहुंचकर अनूप का हालचाल लिया।

फॉल्ट दूर करने के लिए आठ इंजीनियरों की तैनाती

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी ने अमौसी व लखनऊ मध्य जोन के उपभोक्ताओं के बिजली संकट को दूर करने के लिए शुक्रवार को आठ इंजीनियरों की तैनाती की है। इनमें चार सहायक (एई) व चार अवर अभियंता (जेई) हैं। लापरवाही में एई संतोष सिंह कुशवाहा को अमौसी जोन से हटाकर रायबरेली जोन भेजा गया है।

रायबरेली से भूषण कुमार को अमौसी जोन स्थानांतरित किया गया। निगम मुख्यालय में संबद्ध एई अमितेश कुमार, अनुभव श्रीवास्तव, जेई प्रदीप कुमार मौर्या, सत्येंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार को अमौसी जोन और विनय कुमार को लखनऊ मध्य जोन स्थानांतरित किया गया। अमौसी जोन से लापरवाह जेई भी हटेंगे।

अखिलेश बोले- ‘दाम बढ़ रहे हैं, आपूर्ति नहीं

अखिलेश ने X अकाउंट से लिखा- बिजली के नये प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं, न ही आपकी तंग सोच में। मुंह से ये कह ही देते ‘3x 660 SUPERCRITICAL THERMAL POWER PLANT’ तो गर्मी में झुलसते प्रदेशवासियों को सुनकर ही थोड़ी राहत मिल जाती। भाजपा के कुराज में उप्र में बिजली की सिर्फ ‘माग’ बढ़ रही है या ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, सप्लाई-आपूर्ति नहीं।  भाजपा राज, यूपी खस्ताहाल।

मायावती बोलीं- सरकार लोगों की चिंता समझे

मायावती ने X अकाउंट से लिखा- उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की कम अपूर्ति व कटौती आदि की आम शिकायतों व उसको लेकर विशेषकर गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारियों व अन्य करोड़ों मेहनतकश लोगों का जीवन अति-कष्टदायी बना हुआ है तथा इसको लेकर लोग विभिन्न रूपों में अपना आक्रोश भी प्रकट कर रहे हैं, जिसकी चर्चा मीडिया में भी काफी व निरन्तर रहती है।

अतः सरकार से अपील है कि वह बिजली आपूर्ति सम्बंधी लोगों के कष्ट व परेशानियों को ध्यान में रखते हुये जरूरी उपाय तत्काल सुनिश्चित करे। इसके साथ ही, नये पावर प्लाण्ट आदि के माध्यम से भी आगे के लिये बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे तो यह व्यापक जनहित में उचित होगा।

अपील…संकट में ऐसे करें बिजली का इस्तेमाल

गोमतीनगर जोन के अधीक्षण अभियंता तकनीकी नवीन चंद्रा ने आम जनता से संकट की इस घड़ी में लोगों से बिजली का लोड कम करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि यदि कोई पड़ोसी या अन्य व्यक्ति कटियाबाजी करता है तो उसे रोकें और सूचना दें। शिकायकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा। बिजली उपकरणों का इस्तेमाल में सावधानी बरतें।

  • एसी को 24 से 26 डिग्री तापमान पर ही चलाएं। इससे बिजली की बचत होती है।
  • जिन कमरों में कोई न हो वहां के पंखे, कूलर और लाइटें तुरंत बंद कर दें।
  • कूलर चलाते समय कमरे की खिड़की थोड़ी खुली रखें ताकि नमी न बढ़े।
  • दोपहर 12 से शाम 4 और रात 10 से सुबह 4 बजे तक बिजली कम इस्तेमाल करें।
  • आस-पड़ोस में चोरी से बिजली इस्तेमाल करने वालों की सूचना दें।

संवेदनशील 31 उपकेंद्रों पर तैनाती होगी पीएसी

राजधानी के 31 संवेदनशील विद्युत उपकेंद्रों पर पीएसी तैनात होगी जो कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ ही उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई करेगी। यह निर्देश जिलाधिकारी विशाख जी ने शुक्रवार राजधानी की बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान दिए। जिलाधिकारी को बताया गया कि कुछ अराजक तत्व नियोजित तरीके से 31 बिजलीघरों का रात में घेराव करने के साथ बंद बिजली को चालू करने में अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं।

इनमें लौलाई, शिवपुरी चिनहट, उतरेटिया, अंबेडकर उपकेंद्र, एफसीआई, बनी, गहरू, सरोसा-भरोसा, राजाजीपुरम ओल्ड व न्यू, आरडीएसओ, दुबग्गा, इंजीनियरिंग कॉलेज, न्यू कैम्पस, जीपीआरए, अहिबरनपुर, विकासनगर, अपट्राॅन, नूरबाड़ी न्यू व ओल्ड, विक्टोरिया, राधा ग्राम, चौपटिया, हुसैनगंज, पुरनिया, जीएसआई आदि हैं। उन्होंने मध्यांचल निगम मुख्यालय में तैनात निदेशकों, मुख्य अभियंताओं को संवेदनशील बिजलीघरों की रात में निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई