अलीगढ़-आगरा राजमार्ग स्थित गांव सुसायत कलां मोड़ पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार गांव रूहेरी निवासी अमित पुत्र लोकेश अपनी बाइक से किसी कार्र हेतु अलीगढ़ गया था, जो काम समाप्त करने के बाद बाइक से ही अलीगढ़ से अपने गांव वापस लौट रहा था, बताते हैं कि जैसे ही वह गांव सुसायत कलां मोड़ के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार अमित बाइक सहित सड़क पर काफी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उधर हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से भाग गया। घटना की जानकारी होने पर राहगीरों और खेतों में काम कर रहे किसानों की भीड जुट गई। सूचना पाकर एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने ऐंबुलेंस के जरिए घायल को सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



