
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के जेएन मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग (महिला वार्ड) में मंगलवार को एक फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया। उसे पुलिस को सौंप दिया गया। संभल निवासी फर्जी डॉक्टर के पास से मेडिकल जांच फॉर्म, सर्जिकल ब्लेड, सिरिंज, सुइयां, ब्लड और यूरिन सैंपल मिला है। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइंस में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मंगलवार सुबह 9 बजे एक युवक सफेद एप्रन पहनकर महिला वार्ड में घूम रहा था। वह अपने गले में स्टेथोस्कोप डालकर खुद को डॉक्टर बता रहा था। महिला मरीजों के बीच डॉक्टर बनकर घूम रहा था और जांच व इलाज के नाम पर मरीजों से संपर्क बना रहा था। उस पर स्टाफ को संदेह हुआ। इसकी शिकायत उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को दी। सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और उससे पूछताछ की, लेकिन वह सही ढंग से जवाब नहीं दे पाया।
उसने अपना नाम मोहम्मद इस्लाम पुत्र जफीर उद्दीन निवासी खानपुर बंद संभल बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शहर के रघुवीरपुरी स्थित एक निजी अस्पताल में मरीजों को ले जाने का काम करता है। प्रॉक्टोरियल टीम ने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। इस संबंध में प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने बताया कि सिक्योरिटी सुपरवाइजर वीरेंद्र सिंह ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी, जिस पर थाना सिविल लाइंस में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
आरोपी डॉक्टर के पास से मिलीं चीजें
आरोपी डॉक्टर के पास एक एप्रन, एक स्टेथोस्कोप, 19 मेडिकल जांच फॉर्म, तीन सर्जिकल ब्लेड, एक सिरिंज, तीन, सुइयां, 19 ब्लड और 19 यूरिन सैंपल कलेक्शन वायल्स बरामद हुए। आशंका जताई गई है कि आरोपी मेडिकल कॉलेज के भीतर फर्जी जांच और अवैध वसूली का नेटवर्क चला रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी जांच फाॅर्म के जरिये मरीजों के सैंपल लेकर निजी लैब और अस्पतालों तक पहुंचाने का काम करता था।