ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान बाैखलाया हुआ है। उसने चीन के बने सीसीटीवी कैमरे भारत में कई जगह लगवाए और सैन्य मूवमेंट की जानकारी जुटाई।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई ने दिल्ली से लेकर कश्मीर तक भारतीय सेना की हर मूवमेंट पर नजर रखने के लिए एक नापाक साजिश रची थी।
कई शहरों में पकड़े जा रहे हैं कैमरे
पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब इस साजिश का पर्दाफाश होने के बाद विभिन्न शहरों में यह कैमरे भी पकड़े जा रहे हैं। इन मामलों में केंद्रीय जांच एजेंसियां विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर इस साजिश के खिलाफ काम कर रही हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान में बैठा फौजी नाम का एक हैंडलर इस काम के लिए यहां स्थानीय गुर्गों को ऑपरेट कर उन्हें कुछ हजार रुपयों का लालच दे उनसे सीसीटीवी इंस्टॉल करवा रहा है।
दरअसल, भारतीय सेना की दो बड़ी वेस्टर्न और नार्दर्न कमान कमांड इसी क्षेत्र में मौजूद हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वेस्टर्न कमांड ने ही पाकिस्तान को गहरे जख्म दिए थे। इसी बात से बौखलाए पाकिस्तान ने इस मॉड्यूल के जरिये सेना की सड़क और रेल के माध्यम से होने वाली मूवमेंट की जासूसी करवाने की साजिश रची।
सैन्य यूनिटों की पलटन सड़कों और रेल के माध्यम से ही इधर से उधर होती है। ये किस सैन्य क्षेत्र से निकली है और कहां पहुंच रही है, इसी की जानकारी पाकिस्तान जुटाना चाहता है।
– गाजियाबाद पुलिस ने पाकिस्तान की आईएसआई से जुड़े जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। 11 आरोपी पकड़े थे।
– दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लगाए कैमरे पकड़े गए थे। इनका एक्सेस पाकिस्तान में था।
– अंबाला पुलिस ने नेशनल हाईवे 152 के ओवरब्रिज पर दो सीसीटीवी कैमरे बरामद किए थे। इनका इस्तेमाल जासूसी के लिए किया जा रहा था। कैमरों से सिम कार्ड भी बरामद हुआ था। तार पाकिस्तान से जुड़े थे।
– अलवर-बीकानेर छावनी में सोलर कैमरे लगाकर जासूसी नेटवर्क का हुआ था भंडाफोड़। दिल्ली-पंजाब से पकड़े गए थे जासूस।
– अब पंजाब पुलिस ने जालंधर से एक व कपूरथला से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दो 4जी कनेक्टिविटी वाले चीनी सीसीटीवी कैमरे, सोलर प्लेट, विदेशी हैंडलरों से जुड़े चार मोबाइल फोन, और एक वाई-फाई सेट बरामद किया।