शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को रौंद दिया, जिससे दो बच्चों समेत चार की मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हुई है। पुलिस शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

शाहजहांपुर जनपद के पुवायां थाना क्षेत्र में शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर भूड़ा मैनारी ओवरब्रिज के पास बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार महिला, पुरुष और दो बच्चों की मौत हो गई। मृतक निगोही क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
तीन की मौके पर ही मौत
घटना बृहस्पतिवार सुबह लगभग 11.15 की है। पुवायां में ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार पुरुष और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख देखकर आसपास के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए।
अस्पताल ले जाते समय महिला ने तोड़ा दम
तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था लेकिन तब तक उसकी भी मौत हो गई। पुलिस सभी मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, सभी लोग निगोही क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके गांव आदि के बारे में जानकारी की जा रही है।