
हिसार में जीजेयू प्रकरण को लेकर तापमान के साथ ही सियासी पारा भी चढ़ गया है। जेजेपी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि वीरवार को भिवानी में भी बिना नंबर प्लेट की बोलेरो से पुलिस ने उनका पीछा किया। वहीं, दिग्विजय ने कहा कि हिसार से आर-पार की लड़ाई शुरू होगी। आंदोलन को सफल बनाने के लिए वे गांव, परिवार, पंचायतों, खापों व किसान संगठनों का समर्थन लेंगे।
आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मुलाकात पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह औपचारिक मुलाकात थी और भाजपा के खिलाफ वे मिलकर खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि भाकियू के किसान नेता राकेश टिकैत की सलाह पर वे अपने गांव को एकजुट करेंगे। खापों, पंचायतों और किसान संगठनों के पास जाएंगे और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए समर्थन मांगेंगे। उन्होंने कहा कि उनका परिवार एक है और आदित्य व सुनैना सहित परिवार के मुखिया रणजीत चौटाला ने भी हिसार घटना को गलत बताया है।
उन्होंने कहा कि गांव को इकट्ठा करेंगे तो वे अपने सभी चाचा (अभय) और ताऊओं को भी बुलाएंगे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, कृष्ण बजीना, इनसो प्रदेशाध्यक्ष दीपक मलिक, राजवीर तालू, जगदीश धनाना, ऋषिपाल फोगाट, अजमेर सरपंच, देवेंद्र नकीपुर, सुलोचना पोटलिया, कृष्ण वर्मा और जरनैल सिंह मौजूद रहे।
