मेरठ में पुलिस ने सपा नेता योगेश वर्मा को मुरादाबाद जाते समय रोक दिया। ठाकुरद्वारा में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने और दलितों के साथ मारपीट के आरोप के बाद मामला सियासी रूप लेता जा रहा है।

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने और विरोध कर रहे दलितों के साथ मारपीट के आरोपों के बाद सियासत तेज हो गई है। इसी मामले में सपा नेता योगेश वर्मा बृहस्पतिवार को मुरादाबाद जाने के लिए निकले, लेकिन मेरठ में पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
मुंडाली क्षेत्र में पुलिस ने लगाया बैरिकेड
जानकारी के अनुसार सपा नेता योगेश वर्मा अपने समर्थकों के साथ मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र जाने के लिए निकले थे। मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र में मऊ खास पुलिस चौकी के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया। किठौर क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैरिकेडिंग लगाकर योगेश वर्मा के काफिले को आगे बढ़ने से रोक दिया।
आगे जाने की नहीं मिली अनुमति
पुलिस अधिकारियों ने कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सपा नेता को आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान कुछ समय के लिए वहां हल्की नोकझोंक की स्थिति भी बनी रही। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए योगेश वर्मा और उनके समर्थकों को समझाकर वहीं रोक लिया।
अंबेडकर प्रतिमा विवाद से बढ़ी सियासत
गौरतलब है कि मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद दलित समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसी दौरान मारपीट के आरोप भी सामने आए, जिसके बाद मामले ने सियासी रंग ले लिया है और विभिन्न दलों के नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है।