गांव रूदायन रोड स्थित जरैया मोड़ पर रविवार देर रात अंगूर की बेटी ने अपना कमाल दिखा दिया। मैरिज होम के बाहर सुरा सेवन को लेकर बाराती और स्थानीय लोग आपस में भिड़ गए। पहले तो मुंहवाद हुआ फिर विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले, थोडी ही देर में दोनों ओर से लडाकुओं ने कमर से बेल्टें खोलकर चलाना शुरू कर दिया। हंगामे और अफरा-तफरी के बीच विवाह समारोह में आए मेहमानों ने खुद को बचाने के लिए गेस्ट हाउस के दरवाजे तक अंदर से बंद कर लिए।
सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, रुदायन रोड स्थित एक मैरिज होम में शादी समारोह चल रहा था। बताते हैं कि कुछ बाराती गेस्ट हाउस से थोड़ी दूर सड़क पर खड़े होकर शराब पी रहे थे। पास के कुछ स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्ष सड़क पर ही एक-दूसरे पर टूट पड़े। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी दबंगों का दुस्साहस कम नहीं हुआ। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी काफी देर तक मारपीट जारी रही। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बाराती और ग्रामीण एक-दूसरे को बुरी तरह पीटते नजर आ रहे हैं। स्थिति बेकाबू होते देख बाद में अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर कर मामले को शांत कराया गया। मारपीट युद्ध में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच रात में ही विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS


