उदयपुर दौरे पर भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए उनके कार्यकाल में विकास कार्यों पर सवाल उठाए और “बाड़ेबंदी राजनीति” का आरोप लगाया।

राजस्थान के उदयपुर में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल पर सवाल उठाए और कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उदयपुर दौरे के दौरान गौरव वल्लभ ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गहलोत का पूरा एजेंडा सिर्फ “बाड़ेबंदी शास्त्र” तक सीमित था, ताकि विधायक कहीं भाग न जाएं।
वल्लभ ने तंज कसते हुए कहा कि इंतजार की राजनीति करने वाले गहलोत के कार्यकाल में रिफाइनरी का काम क्यों पूरा नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि मेट्रो की फाइल केंद्र के पास क्यों ले जानी पड़ी और ईआरसीपी जैसे बड़े प्रोजेक्ट पूरे क्यों नहीं हो सके। साथ ही उन्होंने उस समय के मंत्रियों और विधायकों पर लूट के आरोप भी लगाए।
पवन खेड़ा मामले पर तीखी प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर लगाए गए आरोपों के मामले में भी वल्लभ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, पी. चिदंबरम और जयराम रमेश जैसे नेता उनके समर्थन में सामने क्यों नहीं आ रहे हैं।
वल्लभ ने कहा कि पवन खेड़ा को अपने आरोपों के समर्थन में कोर्ट में सबूत पेश करने चाहिए और जवाब देना चाहिए, भागना नहीं चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि खेड़ा ने तीन बड़े पाप किए हैं—झूठे आरोप लगाना, चुनावी माहौल को प्रभावित करना और संविधान को कमजोर करना।
छिपते नजर आए पवन खेड़ा’
वल्लभ ने दावा किया कि पवन खेड़ा सार्वजनिक रूप से सामने आने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीवी पर उनकी एक तस्वीर सामने आई, जिसमें वे कार में छिपते नजर आ रहे थे, जिससे लगता है कि वे अपने आरोपों को लेकर आश्वस्त नहीं हैं।
ये भी पढ़ें- आरजीएचएस घोटाले में गिरफ्तार निजी अस्पताल संचालक डॉक्टर गिरफ्तार, कोर्ट ने खारिज की जमानत
पेपर लीक पर सरकार का पक्ष
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मौजूदा सरकार ने पेपर लीक के पुराने सिस्टम को खत्म कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भर्तियों में बंदरबांट होती थी और नेताओं के रिश्तेदारों को नौकरी मिलती थी, जबकि अब योग्य युवाओं को अवसर दिया जा रहा है।
विकास और पारदर्शिता का दावा
वल्लभ ने कहा कि राजस्थान में तेजी से विकास हो रहा है और निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई साल में कई भर्ती परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ कराई गई हैं, जिन पर कोई सवाल नहीं उठा। उन्होंने कहा कि सिर्फ सोशल मीडिया कंसल्टेंट रखने से राजनीति नहीं होती, इसके लिए जमीन पर काम करना जरूरी होता है।


