Jalandhar: अवैध गैस रिफिलिंग के दाैरान ब्लास्ट हुआ सिलिंडर, उखड़ा गेट; युवक बुरी तरह झुलसा

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

किराए के कमरे में रहने वाले कुछ युवक बड़े गैस सिलिंडरों से छोटे सिलिंडरों में अवैध रूप से गैस भरने और चोरी करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान गैस लीक होने से भीषण विस्फोट हो गया।

Jalandhar:अवैध गैस रिफिलिंग के दाैरान ब्लास्ट हुआ सिलिंडर, उखड़ा गेट; युवक  बुरी तरह झुलसा - Jalandhar Cylinder Explodes During Illegal Gas Refilling  Gate Blown Off Youth Severely Burnt ...

जालंधर के श्याम नगर इलाके में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान हुए जोरदार ब्लास्ट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान का लोहे का गेट उखड़कर बाहर जा गिरा और कमरे के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, किराए के कमरे में रहने वाले कुछ युवक बड़े गैस सिलिंडरों से छोटे सिलिंडरों में अवैध रूप से गैस भरने और चोरी करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान गैस लीक होने से भीषण विस्फोट हो गया। घटना के समय एक युवक खाना बनाने की कोशिश कर रहा था और आग की चपेट में आ गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इलाका घनी आबादी वाला है और पास ही रेलवे लाइन भी है। अगर आग फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने आरोप लगाया कि यहां लंबे समय से अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा चल रहा था और अक्सर गैस की बदबू भी आती थी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कमरे से चार गैस सिलिंडर, गैस रिफिलिंग पाइपें और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा (ताैल मशीन) बरामद किया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है कि बिना वेरिफिकेशन के कमरा कैसे किराए पर दिया गया। साथ ही संबंधित गैस एजेंसी की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।

Farheen
Author: Farheen