Reported by: उज्ज्वल प्रताप
नई दिल्ली, 11 अप्रैल: थान सिंह की पाठशाला, जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास रेड फोर्ट पार्किंग, चांदनी चौक में शनिवार दोपहर 3:00 बजे विद्यार्थियों के लिए एक विशेष सेल्फ-डिफेंस, सुरक्षा एवं ड्रग अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों, विशेषकर बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना था।


इस दौरान छात्रों को बेसिक सेल्फ-डिफेंस तकनीकों की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई। संकट की स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने के तरीके सिखाए गए तथा छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न जैसी परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव के प्रभावी उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में ड्रग अवेयरनेस पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें नशे के दुष्प्रभाव, इसके सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी खतरे तथा इससे दूर रहने के उपायों की जानकारी दी गई। छात्रों को नशे से बचने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन सेल्फ-डिफेंस ट्रेनर गुंजन मैम ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम पत्रकारिता एवं जनसंचार तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों उज्ज्वल प्रताप, शेफाली और कार्तिकेय श्रीवास्तव द्वारा आयोजित किया गया, जो महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से अध्ययनरत हैं। यह आयोजन उनके कॉलेज असाइनमेंट के अंतर्गत एक बाह्य गतिविधि के रूप में किया गया।
कार्यक्रम में छात्रों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।